नई दिल्ली. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आखिरकार गुजरात में दस्तक दे दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 24 जून को मॉनसून गुजरात में दाखिल हुआ और यह सूरत तक पहुंच चुका है. मौसम विभाग ने मॉनसून के और आगे बढ़ने के लिए स्थिति अनुकूल बनाई है. दक्षिण गुजरात के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां देखी जा रही हैं लेकिन उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र क्षेत्र अभी भी तेज गर्मी से झुलस रहे हैं. गांधीनगर और राजकोट में बुधवार को सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है. दोनों जगहों पर अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया.
मौसम विभाग ने दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में 25 जून को भारी बारिश की चेतावनी दी है. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. अगले सात दिनों तक गुजरात के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है.
आमतौर पर मॉनसून 15 जून तक गुजरात को पूरी तरह कवर कर लेता है, लेकिन इस साल मॉनसून देर से पहुंचा है. IMD ने 24 जून 2026 को जारी अपने ताजा बुलेटिन में बताया कि मॉनसून उत्तर-पूर्व अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के बचे हुए हिस्सों, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ गया है. मॉनसून की उत्तरी सीमा फिलहाल सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है.
साभार आज तक
देश / विदेश
आखिरकार गुजरात पहुंचा मॉनसून, मौसम विभाग ने दी 25 जून को भारी बारिश की चेतावनी
- 25 Jun 2026



