Highlights

देश / विदेश

'आप' नेता लक्की ओबरॉय की दिनदहाड़े हत्या, गुरुद्वारे के बाहर बरसाईं अंधाधुंध गोलियां

  • 06 Feb 2026

जालंधर। पंजाब के जालंधर जिले के मॉडल टाउन इलाके में शुक्रवार सुबह आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबरॉय की हत्या कर दी गई। यह घटना मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई, जहां अज्ञात हमलावरों द्वारा करीब 15 से 16 राउंड फायर किए गए। घायल अवस्था में लक्की को निजी हॉस्पिटल ले जाया गया था, लेकिन उनकी मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि लक्की के शरीर में पांच गोलियां लगी थी। ज्यादा खून बहने की वजह से उनकी जान नहीं बच पाई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने अचानक अपनी थार गाड़ी में सवार लक्की ओबरॉय पर हमला किया। उन्होंने उनपर अंधाधुंध फायरिंग की। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और आसपास के दुकानदारों ने तुरंत शटर बंद कर दिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, लक्की ओबरॉय जालंधर कैंट की प्रभारी राजविंदर कौर थियाड़ा के करीबी थे। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश या राजनीतिक कारणों से हमले की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।
साभार नवभारत टाइम्स