Highlights

इंदौर

आरटीओ ने जब्त की एआईसीटीएसएल की बस

  • 01 Jul 2022

बिना परमिट के हो रहा था संचालन, दो अन्य बसें भी जब्त
इंदौर। गुरुवार को आरटीओ ने इंडोरामा से इंदौर आ रही एआईसीटीएसएल की बस पर कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि बस बना परमिट के ही दौड़ रही थी। बता दें कि बुधवार को जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने स्कूल बस संचलाकों को चेतावनी देते हुए कहा था कि बस का स्पीड गर्वनर और फिटनेस टेस्ट करवाएं। अगर बस दुर्घटना का शिकार होती है तो संचालक और ड्राइवर पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा। प्रशासन जहां एक ओर स्कूल बसों को तो चेतावनी दे रहा है, वहीं दूसरी ओर एआईसीटीएसल की बसों की देखरेख करना भूल गया।
आरटीओ जितेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि गुरुवार को टीम द्वारा इंदौर-पीथमपुर मार्ग पर इंदौर के पास बसों की जांच की जा रही थी। तभी इंडोरामा से इंदौर आ रही एआईसीटीएसएल की बस (एमपी-09-एफए-9044) को जांच के लिए रोका गया। जिसके दस्तावेज जांचने पर पता चला की बस के पास परमिट ही नहीं है। बस को तुरंत जब्त किया गया। विभाग के सूत्रों ने बताया कि बिना परमिट की एआईसीटीएसल की बस को देखकर वहां मौजूद अधिकारी भी हैरान थे कि एआईसीटीएसएल बसों के संचालन का खुद जिला प्रशासन करता है। बावजूद इसके बस का परमिट नहीं है।
दो अन्य बसें भी की जब्त
परिवहन विभाग के अमले ने एआईसीटीएसएल बस के साथ ही दो अन्य बसें एमपी-09एफ 5662 और एमएच-01-एआई-8263 को भी बिना परमिट पाए जाने पर जब्त किया है। विभाग ने बसों को जब्त कर नायता मुंडला स्थित आरटीओ ऑफिस भेजा है।