इंदौर। टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की शानदार जीत का गवाह एक बार फिर इंदौर का हृदय स्थल राजवाड़ा बना। जैसे ही पाकिस्तानी टीम के आखिरी बल्लेबाज़ का विकेट गिरा और जीत भारत के नाम हुई, वैसे ही शहर कुछ देर के लिए आतिशबाजी और पटाखों की गूंज से सराबोर हो गया। लोगों ने घरों की बालकनियों से लेकर सड़कों तक जीत का इजहार किया।
जीत होते ही क्रिकेट प्रेमी टीवी स्क्रीन छोड़कर अपनी गाड़ियों से राजवाड़ा की ओर रवाना होने लगे। देखते ही देखते राजवाड़ा पर क्रिकेट दीवानों की भीड़ इकट्ठा हो गई। चारों ओर तिरंगे लहराने लगे और भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। युवाओं ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया, तो कई लोग देशभक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
भारतीय टीम की जीत का जश्न पटाखे छोड़कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मनाया गया, हालांकि पटाखों से किसी प्रकार की आगजनी की घटना न हो, इसके लिए राजवाड़ा चौक पर फायर ब्रिगेड की टीम भी तैनात रही। पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा ताकि भीड़ नियंत्रित रहे और यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
करीब एक घंटे तक राजवाड़ा भारतीय जीत के उल्लास का केंद्र बना रहा। भीड़ में बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे। कई परिवार अपने बच्चों के साथ तिरंगा हाथ में लिए जश्न मनाने पहुंचे। कुछ युवा अपनी गाड़ियों की छत और बोनट पर बैठकर नारे लगाते और वीडियो बनाते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर भी जश्न के वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल होते रहे।
कुछ देर बाद चौक पर मौजूद भीड़ को पुलिसकर्मियों ने शांतिपूर्वक अपने-अपने घरों की ओर लौटने की अपील की, जिसके बाद लोग धीरे-धीरे वहां से रवाना होने लगे।गली-मोहल्लों में भी मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भारत-पाकिस्तान मुकाबला देखने के लिए शहर के कई प्रमुख चौराहों और कॉलोनियों में एलईडी स्क्रीन लगाई गई थीं।
दर्शक भारतीय बल्लेबाजों के चौकों-छक्कों पर तालियां बजाते और पाकिस्तानी बल्लेबाजों के विकेट गिरने पर झूम उठते। राजवाड़ा पर भी एक बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी, जहां बड़ी संख्या में लोग मैच का सीधा प्रसारण देख रहे थे।पूरे शहर में देर रात तक जीत का जश्न जारी रहा और इंदौर एक बार फिर देशभक्ति और क्रिकेट प्रेम के रंग में रंगा नजर आया।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
इंदौर के राजवाड़ा पर 'विजय उत्सव': टीम इंडिया की जीत पर तिरंगे से पटा शहर, ढोल-धमाकों के साथ मना जश्न
- 16 Feb 2026



