Highlights

देश / विदेश

ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी नेवी में हलचल, ट्रंप कार्यकाल में पहले सैन्य सेवा प्रमुख की विदाई

  • 23 Apr 2026

नई दिल्ली. अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन ने बुधवार को अचानक ऐलान किया कि नौसेना सचिव जॉन फेलन अपने पद से हट रहे हैं. एपी ने अपनी रिपोर्ट में इस बात की जानकारी दी है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में किसी सैन्य सेवा के प्रमुख के जाने का यह पहला मामला है. नौसेना के इस शीर्ष नागरिक अधिकारी के अचानक पद छोड़ने का कोई कारण नहीं बताया गया है. यह ऐसे वक्त में हुआ है, जब नौसेना ने ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी कर रखी है और सीजफायर की नाजुक स्थिति के बीच दुनिया भर में तेहरान से जुड़े जहाजों को निशाना बना रही है. 
नौसेना के कार्यवाहक प्रमुख के तौर पर ट्रंप के एक और वफ़ादार अधिकारी अवर सचिव हंग काओ पदभार संभाल रहे हैं. काओ नौसेना में 25 साल तक युद्ध का अनुभव रखने वाले अनुभवी अधिकारी हैं, जिन्होंने वर्जीनिया से अमेरिकी सीनेट और हाउस के लिए चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी.
पेंटागन के शीर्ष नेतृत्व में फेरबदल की कड़ी में फेलन का जाना सबसे ताज़ा घटना है. यह घटना रक्षा सचिव पीट हेगसेथ द्वारा सेना के शीर्ष अधिकारी, जनरल रैंडी जॉर्ज को बर्खास्त किए जाने के कुछ ही हफ़्तों बाद हुई है. पिछले साल पदभार संभालने के बाद से हेगसेथ ने कई अन्य टॉप जनरलों, एडमिरलों और रक्षा नेताओं को भी बर्खास्त किया है.
साभार आज तक