Highlights

इंदौर

एक माह में कोर्ट में उपस्थित हो ड्रग पैडलर अभिषेक की मां, वरना संपत्ति होगी कुर्क

  • 27 Jul 2022

इंदौर। फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र पेश कर जेल एवं न्यायालय को चकमा देने वाले ड्रग पैडलर अभिषेक जैन की मां सीमा जैन पर कोर्ट ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। धोखाधड़ी के प्रकरण में फरार सीमा को एक महीने में हाजिर होने का समय दिया है। इसके बाद कोर्ट संपत्ति कुर्की की कार्रवाई करेगी।
नशीले पदार्थों की खरीद-परोख्त में शामिल अभिषेक जैन (आलीराजपुर) ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र पेश कर कोर्ट और जेल को गुमराह किया था। अभिषेक ने कोरोना काल में पैरोल स्वीकृत करवाया और बाद में गुजरात से मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा कर मां सीमा के जरिए खबर भिजवा दी कि उसकी कोरोना के कारण मृत्यु हो गई। जेल प्रशासन की रिपोर्ट पर एमजी रोड पुलिस ने अभिषेक और सीमा सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। अभिषेक सहित तीन को तो गिरफ्तार कर जेल भेज दिया लेकिन सीमा अभी भी फरार है। पुलिस द्वारा उसकी संपत्ति कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। कोर्ट ने भी 24 अगस्त तक पेश होने के निर्देश दिए हैं।
कोर्टकर्मी पिता पर भी बैठी जांच
मामले में पुलिस और जेल प्रशासन भी जांच के दायरे में है। फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र पेश करने के बाद पुलिस ने प्रमाण पत्र की तस्दीक ही नहीं की है। वास्तव में अभिषेक की मौत हुई भी है, यह तक नहीं जांचा गया। आलीराजपुर पुलिस ने तो तस्दीक रिपोर्ट भी बना दी। एक शिकायतकर्ता ने तो अभिषेक के पिता आजाद जैन पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया है। आजाद जैन कोर्ट में बाबू हैं। आरोप है कि आजाद पुलिस, जेल व न्यायालीन कार्यवाही के जानकार हैं और उन्होंने ही पूरा षड्यंत्र रचा था। हाई कोर्ट के आदेश पर प्रधान न्यायाधीश (आलीराजपुर) ने आजाद जैन की भूमिका जांचने के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन भी कर दिया है।