रायसेन। फसल बर्बाद होने के कारण सदमे से किसान हरप्रसाद लोधी (60) की मौत की जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। सिलवानी थाना क्षेत्र के ग्राम पहरिया निवासी हरप्रसाद लोधी के आठ एकड़ खेत में गेहूं व चना की फसल लगी है।
शुक्रवार-शनिवार की रात हुई ओलावृष्टि के कारण उनकी फसल को काफी नुकसान हुआ। परिजनों का कहना है कि शनिवार की रात वे सोए तो फिर नहीं उठे। उनके पुत्र तेजराम लोधी ने बताया कि पिता को फसल बर्बाद होने का सदमा लगा था।
परिजनों की मानें तो ओलावृष्टि से उनके खेत में फसलों के नुकसान का वीडियो शनिवार को दोपहर में बनाया गया था। उसके बाद से वह काफी उदास व बेचैन हो गए थे। किसान की मौत की जानकारी लगते ही कलेक्टर अरविंद दुबे पहरिया पहुंचे और परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
कलेक्टर दुबे ने बताया कि किसान की मौत के मामले की जांच कराई जा रही है। शासन की ओर से किसान के परिवार को हरसंभव मदद की जाएगी। ओलावृष्टि व बेमौसम वर्षा का दौर जारी है। एक-दो दिन बाद फसलों के नुकसान का सर्वे कराया जाएगा। फसल नुकसानी का जो भी आकलन होगा, उस हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा।
राज्य
ओलावृष्टि के कारण फसल बर्बाद होने के सदमे में किसान की मौत, जांच शुरू
- 21 Mar 2023