गिरोह का सदस्य गुना पुलिस ने पकड़ा तो कबूली वारदात
इंदौर।। सांवेर थाना क्षेत्र के ग्राम अजनोद में एक किसान के घर परिजनों को बंधक बनाकर नकबजनी की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों में से एक को पुलिस ने गुना से गिरफ्त में लिया है। आरोपी पारदी गैंग का सदस्य है। मामले में अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।
सांवेर पुलिस के अनुसार कुछ माह पहले किसान अंकित पटेल के घर में गैंग के सदस्य हथियार लेकर घुस गए थे। बदमाशों ने किसान के बेटे, पत्नी, बेटी और भाई को बंधक बना लिया था। यहां से बदमाश 65 हजार रुपए नकद और लाखों के जेवरात लेकर फरार हो गए थे। किसान ने नकबजनी की शिकायत सांवेर थाने में दर्ज कराई थी। घटना के बाद पुलिस ने तमाम कैमरे खंगाले, मगर सफलता हासिल नहीं हुई। इसी बीच, पारदी गैंग के सदस्यों ने गुना के एमजी रोड पर भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद गुना पुलिस ने एक बदमाश हुकम को गिरफ्तार कर लिया।
कई वारदातें कबूली
हुकम ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर अजनोद, दिल्ली, आलोट में वारदात करना कबूला है। गुना पुलिस ने आरोपी के पकड़े जाने की जानकारी सांवेर पुलिस को दी। सांवेर पुलिस ने गुना से आरोपी की गिरफ्तारी ली है। उसके फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका हैे कि फरार साथियों के पकड़ाने के बाद अन्य वारदातों का खुलासा होगा।
इंदौर
किसान के घर पारदी गैंग के सदस्यों ने की थी नकबजनी
- 07 Jun 2022



