इंदौर। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी गुरुवार को इंदौर में रहेंगे। वे इंदौर में कई आयोजनों में शिरकत करने के साथ ही 101 फीट का तिरंगा भी लहराऐंगे। इसके पहले वे पूर्व लोकसभा स्पीकर व पद्म भूषण सुमित्रा महाजन पर लिखी गई पुस्तक का विमोचन करेंगे। महानगर विकास परिषद व महाराष्ट्र साहित्य सभा के बैनर तले पूर्व लोकसभा स्पीकर के कार्यकाल पर मेधा किरीट द्वारा पुस्तक लिखी गई है और प्रभात प्रकाशन ने इसे प्रकाशित किया है।
पुस्तक विमोचन के इस प्रोग्राम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मुख्य अतिथि होंगे व अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष वी.डी शर्मा करेंगे। यह आयोजन गुरुवार को शाम 4.30 बजे लाभ मंडपम, अभय प्रशाल के पास होगा। आयोजन में सांसद शंकर लालवानी भी रहेंगे। इसके पूर्व मंत्री गडकरी देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के तक्षशिला कैंपस में स्थित ऑडिटोरियम में आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत आयोजित व्याख्यान आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ते कदम कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस आयोजन में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव सहित मंत्री उषा ठाकुर, मंत्री तुलसी सिलावट, पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन व सांसद भी शामिल होंगे। शाम 6 बजे मंत्री गडकरी रिजुवनेट हेयर ट्रांसप्लांट सेंटर, जंजीरवाला चौराहे पर तिरंगा अभियान कार्यक्रम में शामिल होंगे। सेंटर प्रमुख डॉ. अनिल गर्ग के मुताबिक आयोजन में मुख्य अतिथियों के अलावा धर्म गुरु भी अपना आशीर्वाद देने शामिल होंगे। वरिष्ठ सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल बी.एस सिसौदिया, कर्नल आशीष मारूलकर, मीररंजन नेगी सहित वीर गति को प्राप्त शहीदों के परिवार से वीर नारियां व उनके परिजन इसमें शामिल होंगे। डॉ. गर्ग के मुताबिक आयोजन में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 101 फीट का तिरंगा फहराएंगे। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा का राष्ट्रीय अभियान है। 100 फीट तिरंगे को 365 दिन 24 घंटे नियमानुसार फरहाया जा सकता है। देश के नागरिक खासकर युवा वर्ग ये समझे की वे कितने भी सशक्त हो जाए मगर राष्ट्र मजबूत नहीं होगा तो उनकी मजबूती कोई काम नहीं आएगी। हमें राष्ट्र को मजबूत बनाना होगा।
इंदौर
गडकरी आज 101 फीट ऊंचा तिरंगा फहराएंगे, ताई पर लिखी पुस्तक का विमोचन करेंगे
- 05 May 2022



