Highlights

इंदौर

घर में घुसे चोर, दंपति जागे तो गर्दन पर लगाई तलवार, 4 लाख रुपए की नगदी सहित चुराए जेवरात

  • 02 Aug 2022

इंदौर। समीपस्थ पीथमपुर के बगदून थाना क्षेत्र के घाटाबिल्लोद चौकी मे आने वाली सांवरिया नगर के एक घर में हथियारों से लैस चार से पांच बदमाशों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। खिड़की की जाली उखाड़ कर बदमाश घर में दाखिल हो गए। चोरों की आवाज सुनकर दंपती के जाग गए, तो बदमाशों ने उनकी गर्दन पर तलवार रख दी। बदमाश यहां से चार लाख रुपए की नगदी सहित जेवरात लेकर फरार हो गए। पड़ोस में ही हेड कांस्टेबल के घर से नकदी व आभूषण की चोरी हुई है।
सांवरिया नगर स्थित रघुनंदन नंदकिशोर अग्निहोत्री के घर में रात करीब साढ़े तीन बजे लूट की वारदात हुई। बदमाश यहां से सोने का एक हार, सोने की दो चेन, दो जोड़ सोने की कान की बाली, एक जोड़ चांदी की पायजेब, छह जोड़ छोटे बच्चे की चांदी की पायजेब, एक जोड़ चांदी के बच्चे के हाथ के कड़े, 70 नग विक्टोरिया के चांदी के सिक्के (प्रत्येक नग 10 ग्राम कुल 700 ग्राम), एक पर्स जिसमें एटीएम कार्ड, चेक बुक व कागजी दस्तावेज, मंगलसूत्र, एक जोड़ कान की सोने की झुमकी, सोने की कान की मुरकी और नकदी 39 हजार रुपए कुल चार लाख रुपए का माल चुराकर ले गया।
पांच बदमाशों ने घर में घुस कर की चोरी- पीडि़त
फरियादी रघुनंदन अग्निहोत्री ने बताया कि बदमाशों की संख्या पांच के करीब थी, इसमें से दो बदमाश खिड़की की जाली उखाड़कर घर में घुसे। वहीं अन्य बदमाश बाहर खड़े हुए थे। हम 30 फीट दूर अंदर के कमरे में सोए हुए थे। इस कारण बदमाशों के घर में घुसने का पता नहीं चला। खटपट की आवाज सुनकर मेरी पत्नी की नींद खुली। उसने उठकर देखा तो एक बदमाश ने उसकी गर्दन पर तलवार रख दी। मैं जागा तो मेरी गर्दन पर भी तलवार अड़ा दी। मुझे बिस्तर से ही उठने नहीं दिया। इसके बाद बदमाश हमारे कमरे व घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर भाग गए। पड़ोसियों को फोन कर बुलाया व घर का दरवाजा खुलवाया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है।