Highlights

इंदौर

जुलूस में हथियार लहराए, आरोपी रिमांड पर

  • 12 Aug 2022

इंदौर। महू में मोहर्रम पर्व चल समारोह के दौरान हुए आपत्तिजनक घटनाक्रम के बाद से ही शहर व आस - पास खासी हलचल व अंदरूनी तनाव भी है। हालांकि जिम्मेदारों की मुस्तैदी से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इधर पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरप्तार कर उन्हें न्यायालय में पेश किया था जहां से तीनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया है।
कोतवाली पुलिस ने इस मामले में डोंगरगांव निवासी मोहम्मद खालीद, मोहम्मद शहराज व मो आदिल को गिरप्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान व तलाश जारी है। इधर आरोपियों का तीन दिनी पीआर मिलने के बाद इनसे कई अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि जूलूस के दौरान शरारती तत्वों द्वारा प्राचीन गोपाल मंदिर के सामने बेहद निंदनीय व अशोभनीय घटनाक्रम को अंजाम दिया था, जिसे लेकर हिंदू समाज में खासा आक्रोश है तथा इसे लेकर मंदिर परिसर के बाहर जिम्मेदारों के समक्ष नाराजगी भी जाहिर की थी। उसी के बाद ना सिर्फ ताबड़तोड़ गिरप्तारी की गई बल्कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सनसनीखेज कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।