Highlights

इंदौर

ट्रक ने रौंदा- 2 की मौके पर मौत, 3 घायल

  • 02 May 2022

बेटमा थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, ट्रक ने बस का इंतजार कर रहे थे लोग
इंदौर। रविवार की रात तेज रफ्तार ट्रक ने पांच लोगों को रौंद दिया। घटना रविवार रात करीब 9 बजे की है। घटना में 2 की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को इंदौर रैफर किया गया है। ये सभी बस के इंतजार में सड़क किनारे खड़े थे। ट्रक ने पांचों को कुचलने के बाद अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी गाडिय़ों पर चढ़ गया। ट्रक ड्राइवर धरमपुरी के नजदीक देगांव का कुंदन बताया जा रहा है।
हादसा महू- नीमच रोड पर बेटमा थाना क्षेत्र में घाटा बिल्लौद इलाके में चौधरी होटल के समीप हुआ। पुलिस व प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार महू -नीमच मार्ग पर ब्रिज के नीचे खड़े होकर कुछ लोग बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान इंडोरामा की ओर से आए ट्राला जीजे10 टीएक्स 9194 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें चपेट में ले लिया। इस हादसे में किशोर नामक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, वहीं एक अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में विक्रम पारसचंद, महेश छोगालाल, राजकुमार बंशीलाल सभी निवासी घाटाबिल्लौद चौकी घायल हो गए। जिन्हें 108 वाहन से इलाज हेतु बेटमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए महेश व विक्रम को इंदौर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद पुलिस ने ट््राले के चालक कुंदन रतन डाबर निवासी देगाव थाना धरमपुरी को अपनी कस्टडी में ले लिया। हादसे में घायल राजकुमार ने बताया कि हम चार -पांच लोग राऊ जा रहे एक परिचित को छोडऩे के लिए आए थे और ब्रिज के नीचे खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे तभी यह हादसा हो गया। एन वक्त पर अगर मैं महेश को नही खींचता तो ट््राला उसे भी कुचल देता।
लोगों को कुचलने के बाद भी ट््राला नहीं रुका और उसने चौधरी होटल के बाहर खड़े होटल मालिक एवं एक ग्राहक के चार पहिया वाहन को टक्कर मार दी और होटल पर लगे फाउंटेन से टकराते हुए पास स्थित खेत में नीचे उतर गया। गनीमत रही कि बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए एक चार पहिया वाहन में सवार पांच लोग हादसे के कुछ ही सेकंड पूर्व वाहन से उतर कर होटल में चले गए थे नहीं तो और भी बड़ा हादसा हो जाता।
बस पलटी, 4 साल के बच्चे की मौत, 40 से ज्यादा घायल
उधर, एक अन्य सड़क हादसा रतलाम में जावरा के पास बीती रात बड़ा हादसा हुआ है। इंदौर से जोधपुर जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। पहले बस पेड़ से टकराई, फिर खाई में पलटी खा गई। इस हादसे में 1 बच्चे की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन का बल मौके पर पहुंचा। घायलों को जावरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 6 गंभीर घायलों को रतलाम जिला अस्पताल भेजा गया है। घायल हुए बस यात्रियों के अनुसार बस ओवरलोड थी और ड्राइवर उसे तेज रफ्तार से भगा रहा था। यह बस हादसा जावरा से ढोढर के बीच रूपनगर चौराहे पर हुआ है। हादसे में उदयपुर निवासी 4 वर्षीय बालक ग्रंथ पुत्र गौरव सोनी की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक यात्री घायल हो गए। ओवरस्पीड और ओवरलगेज को हादसे कि वजह माना जा रहा है। गौरतलब है कि सैकड़ो यात्री बसें पूरी क्षमता से यात्री बैठाने के अलावा छत पर माल लादकर ट्रांसपोर्टेशन का भी काम कर रही हैं। सड़कों पर ऐसी कई ओवरलोडेड बसें फर्राटा भर रही है, लेकिन जिम्मेदारों को सिर्फ हादसों का इंतजार रहता है और खामियाजा जान देकर यात्रियों को भुगतना पड़ता है।