मुंबई। बीसीसीआई के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने गुरुवार को कहा कि बार-बार चोटिल होने वाले खिलाड़ियों को संबोधित करने की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा- भारत विश्व कप से 10 दिन पहले जसप्रीत बुमराह जैसे स्टार खिलाड़ियों का चोटिल होना बर्दाश्त नहीं कर सकता। इन तरह के मामलों पर जल्द से जल्द एक्शन लिया जाना चाहिए। इससे पहले भी बिन्नी इस मुद्दे को उठा चुके हैं। उन्होंने बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के तुरंत बाद कहा था कि स्टार खिलाड़ियों के चोटिल होने पर वह कुछ काम करना चाहते हैं।
बुमराह पीठ में चोट के कारण टी20 विश्व से बाहर हो गए हैं। भारतीय टीम के विश्व कप के लिए रवाना होने से ठीक तीन दिन पहले चोटिल घोषित किया गया था। इसके बाद मोहम्मद शमी को उनका रिप्लेसमेंट बनाया गया है। बिन्नी ने मंगलवार को बीसीसीआई प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने के बाद इस विषय को गंभीरता से लिया है। रोजर बिन्नी ने कहा- हमें यह पता लगाने की जरूरत है कि खिलाड़ी इतनी बुरी तरह से क्यों और कैसे चोटिल हो रहे हैं। हमें यह पता लगाने की जरूरत है कि वे इतनी आसानी से क्यों चोटिल हो रहे हैं। इसके लिए हमें न केवल अभी बल्कि पिछले चार पांच वर्षों के डेटा को देखने की जरूरत है।
67 साल के रोजर बिन्नी ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह में कहा- ऐसा नहीं है कि हमारे पास अच्छे प्रशिक्षक या कोच नहीं हैं। भले ही खिलाड़ियों पर लोड बहुत ज्यादा हो, चाहे वह बहुत अधिक फॉर्मेट खेल रहे हों, लेकिन इस मामले पर कुछ करने की आवश्यकता है। यह मेरी प्राथमिकता है। आप यह नहीं कह सकते विश्व कप से 10 दिन पहले बुमराह चोटिल हो गए और फिर उनकी जगह कौन लेने वाला है। इसे संबोधित करना महत्वपूर्ण है।
साभार अमर उजाला
खेल
टूर्नामेंट से 10 दिन पहले बुमराह का चोटिल होना बर्दाश्त नहीं कर सकते - BCCI अध्यक्ष रोजर बिन्नी

- 21 Oct 2022