वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग की
इंदौर। समीपस्थ महू के ड्रीमलैंड चौराहे के पास हुए हादसे में शहर के राज मोहल्ला निवासी नमकीन का ठेला लगाने वाले राज वर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला कार चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए 6 दिन पहले 5 लोगों को टक्कर मार दी थी।
दुर्घटना में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे जिन का इलाज इंदौर के अस्पताल में चल रहा था। वहीं रविवार को इलाज के दौरान राज वर्मा ने दम तोड़ दिया। इधर रविवार शाम को मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया और महिला कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ड्रीमलैंड चौराहे के पास ही राज वर्मा ठेला लगाता था। उसके सामने ही शव रख कर परिजनों ने चक्काजाम भी किया। और काफी देर तक विरोध प्रदर्शन करते हुए भी नजर आए। इस दौरान कोतवाली थाना प्रभारी महेंद्र सिंह भदोरिया ने परिजनों को समझाया। तब जाकर परिजन रास्ते से हटने को तैयार हुए। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
ड्रीमलैंड चौराहे पर पिछले मंगलवार को आर्मी ऑफिसर की पत्नी वंदना ने कार से 5 लोगों को टक्कर मार दी थी। दर्दनाक दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसमें राज मोहल्ला निवासी राज वर्मा (45) की मौत हो गई। राज के दोनों पैर काम नहीं कर रहे थे, उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी। इसमें दूसरे घायल मजदूर घनश्याम का इंदौर के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। कोतवाली पुलिस ने आर्मी ऑफिसर की पत्नी वंदना और पति आशुतोष शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इंदौर
ठेला चालक की मौत के बाद परिजनों ने किया चक्काजाम
- 01 Aug 2022



