भोपाल। कोरोना की पहली और दूसरी लहर के बाद अब तीसरी लहर में भी लोगों की जान जाने लगी है। मध्यप्रदेश में कोरोना से एक दिन में 5 मौतें रिपोर्ट हुई हैं। इनमें 5 महीने की नवजात भी शामिल है। 24 घंटे में 11274 नए पॉजिटिव केस मिले। एक्टिव केस बढ़कर 61388 हो गए। संक्रमण दर 13त्न के पार है। सागर विधायक शैलेंद्र जैन संक्रमित आए हैं। पॉजिटिव आने से पहले विधायक नगर मंडल की बैठक में शामिल होने के लिए रामपुरा वार्ड और शुक्रवारी वार्ड पहुंचे थे। यहां वह मंडल के कार्यकर्ताओं से मिले थे। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर संक्रमित आने की जानकारी देते हुए संपर्क में आने वालों से जांच कराने के लिए कहा।
भोपाल - 2107 नए केस मिले। ये तीनों लहरों का एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले दूसरी लहर में 28 अप्रैल 2021 को 1853 नए केस मिले थे। दूसरी लहर 1 अप्रैल से शुरू हुई थी और 28वें दिन संक्रमण का पीक आ गया था। तीसरी लहर 25 दिसंबर 2021 से शुरू हुई है और 21 जनवरी को 28 दिन पूरे हुए हैं। भोपाल में भी एक मौत रिपोर्ट हुई है।
इंदौर -3169 नए संक्रमित मिले। इंदौर में 7 महीने बाद एक दिन में संक्रमण से 3 मौतें भी हुईं। जिन 3 मरीजों की मौत हुई है, उनमें 70 वर्षीय बुजुर्ग शुगर और 50 वर्षीय व्यक्ति थैलेसिमिया से पीडि़त थे। 20 वर्षीय युवती की भी मृत्यु हुई है। वह एमआरटीबी में जहर खाने के बाद भर्ती हुई थी। यहां टेस्ट में पॉजिटिव आई।
ग्वालियर -5 दिन की नवजात की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। बच्ची का जन्म डबरा सिविल अस्पताल में हुआ था। तबीयत बिगडऩे पर जब जांच की गई, तो वो संक्रमित मिली। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ग्वालियर में 730 संक्रमित मिले हैं। 586 मरीज ग्वालियर तो 104 मरीज दूसरे जिलों के हैं। 40 मरीजों की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। नए संक्रमितों में 27 बच्चे और 40 बुजुर्ग भी शामिल हैं। शुक्रवार को 612 मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। अब जिले में एक्टिव केस 4239 हो गए हैं। अंचल के शिवपुरी में 145, मुरैना 105, दतिया में 96, श्योपुर में 37 और भिंड में 17 नए मरीज मिले।
जबलपुर- 740 नए केस सामने आए। तीसरी लहर में ये सबसे अधिक मामले हैं। इससे पहले अप्रैल 2021 में इतने केस एक दिन में सामने आ रहे थे। हालांकि, 300 से अधिक लोग कोविड से ठीक भी हुए। जिले में एक्टिव केस की संख्या 4 हजार के लगभग पहुंच चुकी है।
पांच महीनों के मुकाबले 21 दिन में ही 24 मौतें
आंकड़ों को देखें तो बीते साल के आखिरी चार महीनों में सिर्फ 18 मरीजों की मौतें हुई थीं, लेकिन इस साल जनवरी के 21 दिन में 24 संक्रमितों की मौतें हो चुकीं हैं। यानी इस महीने में रोज एक मरीज की मौत हो रही है। शुक्रवार को प्रदेश में 9603 मरीज मिलने के बाद संक्रमण दर 12.4 फीसदी पर पहुंच गई है। बीते साल अप्रैल- मई में कोरोना की दूसरी लहर गुजरने के बाद जून से दिसंबर तक के 184 दिनों में कुल 12981 मरीज मिले थे। तीसरी लहर में संक्रमण की रफ्तार इतनी तेज है कि सिर्फ 21 दिनों में ही 77550 नए मरीज मिल गए हैं। यह आंकड़ा बीते साल के सात महीनों में मिले संक्रमितों से छह गुना ज्यादा है।
DGR विशेष
तीसरी लहर भी ले रही जान, एक दिन में 5 मौत, 24 घंटे में 11 हजार नए मामले
                                                                                       
                            
                        - 22 Jan 2022
 
                                              

			      			  	
			      			  	
			      			  	
			      			  	
