पोर्ट एलिजाबेथ। दक्षिण अफ्रीका ने तीन वनडे मैचों की सीरीज में शानदार वापसी की है। उसने गकबेराह के सेंट जॉर्ज पार्क में दूसरे वनडे को आठ विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ ही उसने सीरीज को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। पहला मैच भारत ने जोहानिसबर्ग में आठ विकेट से जीता था। सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 21 दिसंबर को पार्ल में खेला जाएगा।
सेंट जॉर्ज पार्क में भारत की यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांचवीं हार है। उसे यहां मेजबान टीम के खिलाफ सिर्फ एक मैच में हार जीत मिली है। भारत यहां 1992, 1997, 2006, 2011 और 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हारा है। उसे इकलौती जीत 2018 में मिली थी।
मैच में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। उनका यह निर्णय सही साबित हुआ। टीम इंडिया 46.2 ओवर में 211 रन पर सिमट गई। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 42.3 ओवर में दो विकेट पर 215 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। उसके लिए युवा ओपनर टोनी डि जोर्जी ने अपना पहला वनडे शतक लगाया।
टोनी डि जोर्जी और रीजा हेंड्रिक्स ने 212 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी की। हेंड्रिक्स 81 गेंद पर 52 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार बने। उनके बाद रसी वान डर डुसेन और जोर्जी ने मिलकर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। डुसेन 51 गेंद पर 36 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रिंकू सिंह ने विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। रिंकू ने अपने पहले ही वनडे में पहला विकेट ले लिया। जोर्जी 122 गेंद पर 119 और कप्तान एडेन मार्करम दो रन बनाकर नाबाद रहे। जोर्जी ने नौ चौके और छह छक्के लगाए।
भारत के लिए साई सुदर्शन ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए। उनके करियर का यह दूसरा मैच है और उन्होंने दोनों मुकाबलों में अर्धशतकीय पारी खेली है। कप्तान केएल राहुल ने 56 रन की पारी खेली। अर्शदीप सिंह ने 18 रन बनाए।
रिंकू सिंह अपने डेब्यू वनडे में 17 रन ही बना सके। संजू सैमसन 10 और तिलक वर्मा 10 रन बनाकर आउट हुए। आवेश खान ने नौ, अक्षर पटेल ने सात, ऋतुराज गायकवाड़ चार और कुलदीप यादव एक रन बनाकर आउट हुए। मुकेश कुमार ने नाबाद चार रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए नंद्रे बर्गर ने तीन विकेट लिए। ब्यूरेन हेंड्रिक्स और केशव महाराज को दो-दो सफलता मिली। लिजाद विलियम्सन और एडेन मार्करम ने एक-एक विकेट लिए।
साभार अमर उजाला
खेल
दक्षिण अफ्रीका ने टोनी डि जॉर्जी के शतक की बदौलत भारत को हराया

- 20 Dec 2023