Highlights

इंदौर

दस हजार का इनामी आरोपी गिरफ्त में, पत्नी की हत्या के बाद से था फरार

  • 13 May 2022

इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र में पत्नी को केरोसीन डालकर जलाने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्त में लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर दस हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। आरोपी ने नवंबर 2021 में पत्नी के साथ मारपीट करने के बाद उसे जलाकर मार डाला था। पति-पत्नी के बीच सुबह चार बजे विवाद हुआ था। मामले में पुलिस ने केरोसिन की बोतल भी जब्त की है जिसे पति ने घटना के बाद छत पर छुपा दिया था।
पुलिस ने बताया कि नवंबर 2021 में थाना क्षेत्र के आलोक नगर में रहने वाले आरोपित ब्रजेश उर्फ विजय नायक का पत्नी ज्योति से सुबह चार बजे विवाद हुआ था। वह मूल रूप से राजगढ़ पचौर का रहने वाला है। पत्नी प्लाट खरीदने के लिए रुपये की मांग कर रही थी। पति ट्रक डाइवर है और वह काम पर जा रहा था। इस दौरान विवाद हुआ और पति ने पत्नी को जमीन पर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी पति ने केरोसिन डालकर पत्नी को जला दिया। घटना में पत्नी का चेहरा बुरी तरह से झुलस गया था। इसके बाद आरोपी पति फरार हो गया था।
पुलिस ने फरार आरोपित पर दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया और टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। कभी उसकी लोकेशन मुंबई आती तो कभी अन्य शहर में उसके होने की जानकारी मिलती। हाल ही में पुलिस को उसके नौलखा आने की सूचना मिली। आजाद नगर थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद घटना में उपयोग की गई केरोसिन की बोतल भी जब्त की गई है। आरोपित ने उसे छत पर सीढिय़ों के यहां बोरी में छुपा दिया था।