सुरक्षा व्यवस्था देखने खंडवा-बुरहानपुर भी गई पुलिस टीम
इंदौर। भारत जोड़ो यात्रा लेकर इंदौर आ रहे राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों सहित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पदाधिकारी अलर्ट मोड पर है। पुलिस अफसर दो चीजों पर विशेष रूप से ध्यान दे रहे है, पहली तो ये कि यात्रा सुरक्षित तरीके से गुजर जाए और दूसरा यह कि इससे लोगों को परेशानी नहीं हो। रूट को लेकर भी सर्वे पुलिस की टीम ने किया है। अतिरिक्त बल भी पुलिस अफसरों ने मांगा है।
रूट पर किया पुलिस ने सर्वे
राजबाड़ा से लेकर चिमनबाग ग्राउंड तक एमजी रोड थाना पुलिस ने दुकानदार और घरों का सर्वे किया है। सभी के आधार कार्ड और मोबाइल नंबर जुटाए गए है। साथ ही दुकानदारों को यह भी हिदायत दी है कि यदि कोई संदिग्ध नजर आता है या दुकान पर किसी नए व्यक्ति को रखते है तो तत्काल इसकी सूचना दें। शुक्रवार को चिमनबाग ग्राउंड का भी पुलिस अधिकारी और राहुल की सुरक्षा में लगी एजेंसियों ने निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एडवांस सिक्योरिटी लाइजनिंग के तहत की मुलाकात
बुरहानपुर के रास्ते मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की यात्रा ने मध्यप्रदेश में एंट्री की है। पुलिस अधिकारियों की एक टीम को भी खंडवा-बुरहानपुर भेजा गया। ताकि पता चल सके कि वहां किस तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई। इस बीच शुक्रवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और इंदौर प्रभारी महेंद्र जोशी ने भी पुलिस अफसरों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि एडवांस सिक्योरिटी लाइजनिंग के तहत वे अधिकारियों से मिले थे, जिसमें जानकारी ली गई कि पुलिस की ओर से किस प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। यात्रा में लाखों लोगों के शामिल होने की बात उन्होंने कही है।
जेड स्पेशल कैटेगरी में आते हैं
राहुल गांधी जेड स्पेशल कैटेगरी में आते हैं। पर्याप्त व्यवस्था लगाई है। मीटिंग भी हम लोगों ने ली है। उनके सुरक्षा मापदंड के हिसाब से रस्से और पार्टियां लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था देखने एक एडवांस टीम भी एडिशनल डीसीपी के नेतृत्व में भेजी गई है कि खंडवा, बुरहानपुर में किस तरह से व्यवस्था की है। उसका भी अवलोकन करेंगे और सुरक्षित तरीके से यात्रा यहां से निकालेंगे। अतिरिक्त बल भी मांगा है। जिला का भी पर्याप्त बल लगाया गया है।
- राजेश हिंगणकर, एडिशनल सीपी
पुलिस से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा
एडवांस सिक्योरिटी लाइजनिंग होता है। सुरक्षा समन्वय की बात होती है। व्यवस्था क्या है। ट्रैफिक इंतजाम क्या है। लोगों की भीड़ की संभावना क्या है। जिस तरह से जन सैलाब उमड़ रहा है। उस संबंध में हमारी पुलिस अफसरों के साथ सारी बातचीत हुई। सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा करते हैं।
- महेंद्र जोशी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सचिव और इंदौर प्रभारी
इंदौर
दुकानदारों को हिदायत, नए व्यक्ति की दे सूचना
- 26 Nov 2022