राजवाड़ा से इमली बाजार सड़क के लिए बाधाएं हटाने का काम जारी
इंदौर। इंदौर नगर निगम के द्वारा कल रात में इमली बाजार से राजवाड़ा के क्षेत्र से 45 डंपर मलबा उठाया गया है। निगम के द्वारा यह तय किया गया है कि अभी वह खुद कार्रवाई नहीं करेगा बल्कि लोगों के द्वारा की गई तोडफ़ोड़ का मलबा उठाने का ही काम करेगा। नगर निगम के द्वारा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत इमली बाजार चौराहा से लेकर राजवाड़ा तक की सड़क का निर्माण किया जाना है। इस सड़क की चौड़ाई 60 फीट की तय की गई है। निगम की ओर से सड़क का सीमांकन कर दिया गया है। आसपास के भवनों को तोडफ़ोड़ का निशान लगाने के साथ ही साथ नोटिस दे दिया गया है। भवन स्वामियों के द्वारा स्वयं ही सड़क के चौड़ीकरण में बाधक अपने निर्माण को हटाने का काम किया जा रहा है। इन दिनों यह काम जोर-शोर के साथ चल रहा है। सुबह से शाम तक इन भवन स्वामियों के द्वारा जो निर्माण हटाया जाता है, निगम की टीम के द्वारा रात के समय में उस हटाए गए निर्माण का मलबा उठा लिया जाता है।
नगर निगम के वर्कशॉप के प्रभारी मनीष पांडे ने बताया कि कल बुधवार की रात में नगर निगम की टीम के द्वारा इमली बाजार चौराहा से लेकर राजवाड़ा तक के क्षेत्र में तोडफ़ोड़ से निकला हुआ 45 डंपर मलबा उठाया गया है। इस मलबे को हटाने के साथ ही वहां पर सफाई कर दी गई है। नागरिकों के द्वारा जो तोडफ़ोड़ की जाएगी, उसका मलबा रात में उठाया जाएगा। यह व्यवस्था नगर निगम के द्वारा पिछले कुछ दिनों से हर दिन के लिए लागू कर दी गई है। नगर निगम के द्वारा इस क्षेत्र में तोडफ़ोड़ के लिए 30 मई तक की समयावधि दी गई थी। यह समय पूरा हो गया है लेकिन उसके बावजूद निगम अभी कार्रवाई करने में रुचि नहीं ले रहा है। निगम के अधिकारियों का मानना है कि जब लोग खुद तोड़ रहे हैं तो फिर हम कार्रवाई करके अनावश्यक दखल क्यों दें? निगम के द्वारा यह तय किया गया है कि अभी लोगों को ही तोडफ़ोड़ खुद कर लेने का पूरा मौका दे दिया जाए।
इंदौर
दिन में रहवासी कर रहे तोडफ़ोड़, रात में मलबा उठा रहे निगम के डंपर
- 03 Jun 2022



