इंदौर। सूनसान क्षेत्र से निकल रही महिला के मोबाइल उड़ाने वाले दो बदमाश को पुलिस ने पकड़ा है। इनके कब्जे से 5 मोबाइल, दो चोरी की दोपहिया और ब्राउन शुगर बरामद किया है। ये नशे के आदी हैं।
विजय नगर पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि सयाजी होटल के पीछे श्मशान घाट के पास एक व्यक्ति मादक पदार्थ की तस्करी के लिए आने वाला है। इस पर पुलिस ने वहा पर नजर रखी। जवान मौके पर पहुंचे तो उन्हें देख कर बदमाश भागने की कोशिश करने लगा। इस पर उसे पकड़ा गया, जिसने अपना नाम राहुल पिता मोहनलाल वर्मा (26) निवासी निरंजनपुर नई बस्ती बताया है। उसकी तलाशी लेने उसके पास से 16 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी मनु उर्फ मनोज पिता किशनलाल वर्मा (22) निवासी रुस्तम का बगीचा के साथ मिलकर मोबाइल लूट की घटना को अंजाम देता है। इस पर पुलिस ने मनु को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनो ने विजयनगर की मोबाइल लूट की कई वारदातें कबूल हैं।
राहुल से पूछताछ के बाद 5 मोबाइल, एक बाइक बरामद की। बाइक वारदात के लिए उन्होंने चोरी की थी। इसके बारे में पुलिस जानकारी निकाल रही है। मनु के पास से भी विजय नगर क्षेत्र से चुराई एक गाड़ी और चोरी के लिए इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। आरोपी मनु कुछ दिन पहले शहीद पार्क के पास अपने साथी रोहित विश्वकर्मा, रोहित जामोद व एक बाल अपचारी के साथ चोरी की साजिश बना रहा था। पुलिस के पहुंचने पर रोहित जामोद और मनु मौके से भाग निकले थे। इसके बाद से पुलिस मनु की तलाश में थी।
गर्लफ्रेंड के लिए लूट
पुलिस ने बताया कि राहुल नशे की लत पूरी करने और गर्लफ्रेंड पर खर्च करने के लिए उसे रुपए की जरूरत थी। इसी के चलते वह लूट की वारदात को अंजाम देता था। सुनसान रास्ते पर कोई महिला या युवती फोन पर बात करते हुए अकेले जाते हुए दिखती तो उसका मोबाइल लूटकर भाग जाते थे। पुलिस इनसे अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने एक दर्जन से अधिक लूट की वारदातें कबूली है।
इंदौर
दो मोबाइल लुटेरे पकड़ाए, 5 मोबाइल, गाडिय़ां व ब्राउन शुगर बरामद
- 15 Jul 2022