इंदौर। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में जहां एक वैन चालक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। वहीं एक युवती और युवक भी घायल हुए हैं। बताया जाता है कि दोनों जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे थे, जबकि वैन को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी।
पहला हादसा किशनगंज थाना क्षेत्र में हुआ। यहां इंदौर महू रोड पर स्थित पूनम रिसोर्ट के सामने वाहन दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार वाहन ने वैन को टक्कर मार दी, जिसमें वेन पलटी खा गई और मौके पर ही वैन चालक ने दम तोड़ दिया। दरअसल घटना बुधवार रात 12.30 बजे की है। यहां इंदौर से महू की ओर आ रही वैन हादसे का शिकार हो गई। हादसे में वैन चालक असलम खान उम्र 50 साल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वैन में बैठे कुछ लोग घायल हो गए। देर रात 108 की मदद से घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहीं मृतक को सिविल अस्पताल महू भेजा गया।
घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में सिविल अस्पताल महू में मृतक के परिजनों की भीड़ लग गई। किशनगंज पुलिस के जवान सिविल हॉस्पिटल पहुंचे और पंचनामा बनाकर जांच शुरू की है। यहां से निकलने वाले राहगीरों के अनुसार वैन को कोई अज्ञात वाहन टक्कर मार कर गया था इस दौरान दुर्घटना हुई है। फिलहाल किशनगंज पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज में अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। इधर, मृतक असलम के शव को बड़ी मुश्किल से राहगीरों ने वैन से बाहर निकाला और 108 की मदद से अस्पताल पहुंचाया लेकिन असलम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इसी प्रकार बाणगंगा थाना इलाके के नरीमन पॉइंट पर बुधवार रात हादसे में 24 वर्षीय मुस्कान और उसका साथी संचय गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि बुधवार को मुस्कान का जन्मदिन था। वह संचय के साथ पार्टी कर वापस आ रही थी। तभी अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों घायल हो गए। मुस्कान की हालत गंभीर बनी हुई है, उसे वैंटिलेटर पर रखा गया है।
इंदौर
दो सड़क हादसे- एक की मौत, युवती सहित चार घायल
- 27 Oct 2022