इंदौर। नगर निगम के जिस भी विभाग में जो भी कर्मचारी बिना सूचना दिए काम से गायब हो जाता है तो ऐसे कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया जाए। यह निर्देश मंगलवार सुबह-सुबह नगर निगम के वायरलेस सेट पर गूंजा। नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल के द्वारा सेट पर सभी विभाग प्रमुखों को यह निर्देश दिया गया। दरअसल इस समय आयुक्त जहां भी दौरा करने जा रही है वहां पर निगम के कर्मचारी के काम नहीं करने और काम पर नहीं आने की शिकायतें आ रही है। इन शिकायतों के संदर्भ में जब पूछताछ की जाती है तो मालूम पड़ता है कि कर्मचारी ने अवकाश भी नहीं लिया है और काम पर भी नहीं आया है। इस तरह की प्रवृत्ति पूर्व में नगर निगम के कर्मचारियों में बहुत ज्यादा हुआ करती थी लेकिन पिछले कुछ सालों से इस स्थिति पर रोक लग गई थी।
अब एक बार फिर यह बीमारी शुरू हो गई है । इस स्थिति को देखते हुए आयुक्त के द्वारा मंगलवार दो टूक फैसला ले लिया गया है कि अब जो भी कर्मचारी बिना सूचना दिए काम पर नहीं आए तो ऐसे कर्मचारी की सेवा समाप्त कर दो। उसे नौकरी से निकाल कर बाहर कर दो। इस निर्देश के साथ हर विभाग प्रमुख से कहा गया है कि यदि कोई कर्मचारी काम पर नहीं आ रहा है और आपने उसकी सेवा समाप्त करने का प्रस्ताव नहीं बनाया तो उसके लिए जिम्मेदार आप होंगे और फिर आपके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इंदौर
निगम आयुक्त का अधिकारियों को निर्देश ... बिना सूचना गायब कर्मचारियों के खिलाफ करें सख्त कार्रवाई
- 21 Sep 2022



