Highlights

खेल

निशानेबाज मनु भाकर बोली-ओलिम्पिक स्वर्ण के लिए 5 साल से कर रही हूं तैयारी

  • 10 Jul 2021

नई दिल्ली : टोक्यो ओलिम्पिक में भारत के पदक दावेदारों में शुमार शीर्ष पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर ने कहा कि वह ओलिम्पिक स्वर्ण पदक जीतने के लिए पिछले पांच वर्षों से कड़ी मेहनत कर रही हैं। उन्नीस साल की भाकर ने हाल में सोशल मीडिया से टोक्यो ओलिम्पिक के समापन तक दूर रहने का फैसला किया जो 23 जुलाई से शुरू हो रहे हैं।
भाकर ने कहा कि ओलिम्पिक स्वर्ण पदक जीतने के लिए मैं पिछले पांच वर्षों से सचमुच कड़ी मेहनत कर रही हूं और यह हमेशा मेरा सपना रहा है। शीर्ष अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई पदक हासिल कर चुकी भाकर ने अपनी तैयारियों में मदद करने के लिए सरकार का शुक्रिया अदा किया।
आईएसएसएफ विश्व कप पदक विजेता ने कहा कि सरकार हमेशा ही मेरी निशानेबाजी के वर्षों में बहुत मददगार रही है। जब भी हमें किसी उपकरण की जरूरत होती या फिर पिस्टल चाहिए होती तो सरकार ने सब कुछ मुहैया कराया। भाकर इस समय क्रोएशिया में टीम के अन्य सदस्यों के साथ ट्रेनिंग कर रही हैं, जहां से निशानेबाज सीधे टोक्यो के लिए रवाना होंगे।