इंदौर। शहर में 8 से 10 जनवरी तक होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन में आने वाले मेहमानों की मेजबानी मालवी संस्कृति से हो। उन्हें यहां घरों में ठहराया जाए, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को आईडीए अध्यक्ष जयपालसिंह चावडा, सीईओ रामप्रकाश अहिरवार, भाजपा विदेश मंत्रालय की संयोजक डॉ. दिव्या गुप्ता की उपस्थिति में ह्यअतिथि देवो भवö एप लॉन्च किया गया। यह एप प्रवासी भारतीयों और इंदौर के उन लोगों के लिए है, जो मेहमानों को अपने घरों में स्टे कराना चाहते हैं। इस एप के माध्यम से दोनों को इसमें रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इस एप को विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर भी अपलोड किया है। खास बात यह कि इसमें घरों में ठहरने वाले प्रवासी भारतीयों और मेजबानों को कई प्रकार की जानकारी भरनी होगी।
एप में नाम, पता, मोबाइल नंबर फीड कर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसमें प्रवासी भारतीयों के लिए जो जानकारी भरनी है, उसके तहत अभी वे किस देश में हैं, किस प्रोफेशन में हैं, वहां कब से हैं यह जानकारी भरनी है। वे इंदौर कब आएंगे और यहां कितने दिन ठहरेंगे, साथ में कितने लोग रहेंगे यह भी भरना होगा। एक जानकारी यह देनी होगी कि आप वैजिटेरियन हैं या नॉन वैजिटेरियन यह आवश्यक रूप से भरना होगा। इसी तरह एक बिंदु पेट्स (पालतू जानवर) को लेकर भी है, इसकी जानकारी भी देनी होगी कि आपको पालतू जानवर पसंद हैं या नहीं। प्रवासी भारतीयों के लिए इस एप में उन घरों के बाहर और अंदर के फोटो व पते भी फीड रहेंगे, जहां रहने वाले लोग उन्हें अपने घरों में ठहराना चाहते हैं। इसमें बेड रूम, इंटीरियर आदि हैं। इसके साथ ही इंदौर में खाने-पीने की ठीए 56 दुकान, सराफा सहित धार्मिक व सामाजिक स्थलों की जानकारी है कि वे कहां जाना चाहेंगे।
ऐसी ही जानकारी होस्ट को भरनी है। इसके तहत अपने पूरे परिवार की जानकारी, प्रोफेशन आदि भरना है। यह भी तय किया गया है कि मेजबानी करने वाले लोगों के घर आयोजन स्थल ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर से 8 से 10 किमी से ज्यादा दूर न हो। यह भी आवश्यक किया गया है कि मेहमानों के साथ परिवार का एक व्यक्ति जरूर रहे, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। जब तक प्रवासी भारतीय उनके घरों में रहेंगे वे उनका पूरा ध्यान रखें।
इंदौर
पधारो म्हारे घर एप लॉन्च
- 23 Dec 2022