Highlights

इंदौर

पहले बहिष्कार अब लगाई पेपर देने की गुहार

  • 07 Dec 2022

इंदौर। निजी कालेज की लापरवाही से एलएलबी सेकंड सेमेस्टर के छात्रों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। ओल्ड सिलेबस से पेपर देने का बहिष्कार करने वाले 50 छात्र-छात्राएं मंगलवार को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने लेबर एंड इंडस्ट्रियल ला का दोबारा पेपर करवाने की मांग करते हुए उन्हें शामिल करने की गुहार लगाई है। अधिकारियों ने विश्वविद्यालय की परीक्षा समिति के समक्ष मामला रखा है। चार दिन बाद समिति को रिपोर्ट देना है। उसके आधार पर विश्वविद्यालय फैसला लेगा।
दरअसल, लेबर एंड इंडस्ट्रियल ला विषय का सिलेबस आइआइएल ने सत्र 2021-22 में प्रवेश लेने वाले एलएलबी सेकंड सेमेस्टर के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत नए सिलेबस से पढ़ाया। मगर पेपर से ठीक एक दिन पहले उन्होंने छात्र-छात्राओं को पुराने सिलेबस से प्रश्न पत्र पूछे जाने की बात कही। छात्र नाराज हो गए और परीक्षा का बहिष्कार कर दिया। बाद में विश्वविद्यालय ने स्थिति स्पष्ट की। उसके बाद कालेज की लापरवाही सामने आई है।
परीक्षा समिति की राय आना बाकी
अधिकारियों का कहना है कि 2021-22 में स्नातक पाठ्यक्रम में नई शिक्षा नीति लागू हुई। इसके तहत कुछ विषयों में बदलाव हुआ। उसे नए सिलेबस से पढ़ाया जाने लगा। मगर 2021 से पहले एलएलबी करने वाले विद्यार्थियों को ओल्ड सिलेबस से पढ़ाया जा रहा है। इसके तहत विश्वविद्यालय नए और पुराने सिलेबस से परीक्षा करवा रहा है। मामले में मंगलवार को कुछ विद्यार्थियों ने अधिकारियों से मिलकर दोबारा पेपर करवाने पर जोर दिया। साथ ही उन्हें शामिल करने की गुहार लगा। कुलपति डा. रेणु जैन ने कहा कि अभी मामले में परीक्षा समिति की राय आना बाकी है।