इंदौर। कनाडिय़ा रोड पर यशवंतराव होलकर (प्रथम) की अश्वारूढ प्रतिमा लगाई जाएगी। ये पुणे में तैयार हो रही है। कई बाधाओं के पार करने के बाद यह स्थापित होगी। अभी महेश्वर का किला बनाने और अन्य सौंदर्यीकरण के काम चल रहे हैं। बंगाली चौराहा से आगे कनाडिय़ा और बिचौली जाने वाले रोड के बीच चौराहे पर यशवंतराव होलकर की प्रतिमा लगी थी। इसके आसपास अतिक्रमण होने से यातायात बाधित हो रहा था।
ट्रैफिक जाम से वाहन चालकों को होने वाली परेशानी को देखते हुए आज से 4 वर्ष पहले निगम यातायात एवं परिवहन विभाग के अफसरों ने योजना बनाई। बताया गया है की प्ूर्व एमआईसी मेंबर रहे सुधीर देडग़े के कहने पर यह योजना बनी थी। इसके तहत प्रतिमा को साइड में कर नई प्रतिमा लगाने के साथ सौंदर्यीकरण व अन्य कई काम 1 करोड़ रुपए की लागत से करने थे। दो बार टेंडर हुए, लेकिन कोई नहीं आया और एमआईसी मेंबर देडग़े का कार्यकाल भी समाप्त हो गया। इसके बाद निगमायुक्त प्रतिभा पाल के निर्देश पर पहले से बनी योजना के तहत काम शुरू किया गया।
निगम चुनाव होने के पहले यातायात एवं परिवहन विभाग ने प्रतिमा को चौराहे से शिफ्ट कर साइड में लगाने के साथ सौंदर्यीकरण को लेकर टेंडर जारी करके मंजूर भी कर दिए। इसके साथ ही प्रतिमा के आसपास से अतिक्रमण हटाकर साइड में होलकर प्रतिमा लगाने के लिए निर्माण शुरू कर दिया। अभी महेश्वर के किले का प्रतिरूप बन रहा है। सौंदर्यीकरण के काम, आकर्षक पौधे और लाइट लगाने काम चल रहा है। जल्द ही प्रतिमा भी लगाई जाएगी, जो कि पुणे में तैयार हो रही और तीन महीने में इंदौर आ जाएगी।
दरअसल, प्रतिमा स्थापित करने के लिए चार वर्षों में कई बार टेंडर प्रक्रिया की गई। तकनीकी कारणों से, नर्मदा पेयजल मुख्य आपूर्ति लाइन शिफ्ट करने और अतिक्रमण हटाने के साथ ही उच्च दाब की विद्युत लाइन की डीपी एवं हाई मास्ट का स्थान परिवर्तन सहित अनेक कार्य किए गए। इन सब बाधाओं को पार करने के बाद होलकर की प्रतिमा स्थापित होगी, जो कि पहले सिर्फ सामान्य रूप से खड़ी मूर्ति लगी थी। हालांकि प्रतिमा लगाने से पहले सारे काम जल्द हो जाएं, इस प्रयास में क्षेत्रीय पार्षद प्रणव मंडल लगे हुए हैं।
इंदौर
पूणे में तैयार हो रही है यशवंतराव होलकर की प्रतिमा
- 12 Nov 2022