Highlights

खेल

पैरा-पावरलिफ्टिंग में सुधीर ने भारत के लिए जीता छठा स्वर्ण

  • 05 Aug 2022

बर्मिंघम। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के पैरा-पावरलिफ्टर सुधीर ने स्वर्ण जीतकर इतिहास रच दिया है। वह राष्ट्रमंडल खेलों में पैरा-पावरलिफ्टिंग (दिव्यांग एथलीट्स की वेटलिफ्टिंग) में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। इससे पहले 2014 में पावरलिफ्टर सकिना खातून ने कांस्य पदक अपने नाम किया था। सुधीर ने पुरुषों के हेवीवेट कैटेगरी में 212 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
87.30 किलो वजन वाले सुधीर ने रैक हाइट 14 के साथ पहले प्रयास में 208 किलो वजन उठाया। वहीं, दूसरे प्रयास में उन्होंने 212 किलो वजन उठाया। 212 किलो वजन की लिफ्ट के साथ सुधीर ने नया गेम्स रिकॉर्ड भी कायम किया। अपने आखिरी अटैम्प्ट में सुधीर 217 किलो वजन उठाने में नाकाम रहे। 134.5 पॉइंट्स लेकर सुधीर टॉप पर रहे और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
यह भारत के लिए बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में छठा स्वर्ण पदक है। इससे पहले वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू, जेरेमी लालनिरुंगा और अचिंता शेउली स्वर्ण जीत चुके हैं। वहीं, महिला लॉन बॉल टीम और पुरुष टेबल टेनिस टीम ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। भारत के लिए यह कुल 20वां पदक रहा। इनमें छह स्वर्ण, सात रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में सातवें स्थान पर है।
साभार अमर उजाला