Highlights

देश / विदेश

बदरपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: नासिर गैंग का शार्प शूटर 'सलीम गंजा' गोली लगने से घायल

  • 04 Apr 2026

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के बदरपुर इलाके में दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। शुक्रवार देर रात पुलिस और एक बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में दिल्ली का कुख्यात मोहम्मद सलीम उर्फ 'गंजा' पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि नासिर और दानिश पहलवान गैंग का सक्रिय सदस्य मोहम्मद सलीम किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से बदरपुर इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस की एक स्पेशल टीम ने उसके आने से पहले ही इलाके में जाल बिछाकर घेराबंदी कर दी। जैसे ही सलीम वहां आया, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली सलीम के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पकड़ा गया आरोपी मोहम्मद सलीम उर्फ 'गंजा' दिल्ली पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सलीम पर हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी और सेंधमारी जैसे 75 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह 20 से अधिक गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। वह दिल्ली के चर्चित गैंगस्टर सलीम पहलवान की हत्या में भी मुख्य रूप से शामिल रहा है। वर्तमान में वह नासिर और दानिश पहलवान गिरोह के लिए काम कर रहा था और इलाके में अपना खौफ पैदा कर रहा था।
साभार लाइव हिन्दुस्तान