शिमला. हिमाचल प्रदेश में सोमवार को भारी बर्फबारी और बारिश की वजह से राज्य भर में 1,250 से अधिक सड़कें बंद हो गईं. देश के अलग-अलग इलाकों से टूरिस्ट शिमला पहुंचे थे बर्फ देखने लेकिन अब मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. हिमाचल की वादियों में मौज लेने गए लोग सड़क जाम होने की वजह से फंस गए हैं. लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सड़कों को बहाल करने के लिए करीब 3,500 मशीनें और जेसीबी तैनात की हैं. लाहुल और स्पीति के ताबो गांव में तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए कुल्लू, किन्नौर, चंबा और लाहुल-स्पीति में भारी बर्फबारी का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. शिमला, सोलन और कांगड़ा सहित अन्य जिलों में बिजली और तेज हवाओं के साथ 'येलो अलर्ट' प्रभावी है. पर्यटकों को भारी ट्रैफिक जाम और पानी की किल्लत जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
हालांकि, सरकार इस बर्फबारी को फसलों और जल स्रोतों के पुनर्भरण के लिए फायदेमंद मान रही है. प्रशासन ने पर्यटकों से जिम्मेदारी से यात्रा करने और मौसम की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है.
साभार आज तक
देश / विदेश
बर्फबारी ने रोकी हिमाचल की रफ्तार: 3,500 मशीनें बहाल करने में जुटीं, ताबो में पारा -10.2 डिग्री पहुंचा
- 27 Jan 2026



