सावन के पहले सोमवार मंदिरों में सुबह से दर्शनों का सिलसिला
शिवालयों में लगे हर-हर महादेव के जयकारे, अभिषेक-पूजन के लिए मंदिरों में भक्तों की लगी भीड़
इंदौर। श्रावण मास के पहले सोमवार पर ही इंदौर में सुबह से वर्षा हो बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था लेकिन ये भोले की भक्ति से फीका रहा। बारिश के बीच भक्त शिवालय पहुंचे और पूजन अभिशेक किया। सावन पहले सोमवार पर इंद्रदेव ने भी भगवान शिव का जलाभिषेक किया। वहीं मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह से मंदिरों में हर-हर महादेव गूंज रहा है। इंदौर के शिव मंदिरों में दर्शन-पूजन का सिलसिला देर रात तक चला। इस दौरान मंदिरों में भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया।
जानकारी के अनुसार कपलेश्वर महादेव मंदिर काटजू कालोनी में सुबह 8 बजे आमरस से अभिषेक किया गया तथा आरती की गई। पं. सन्नी शर्मा ने बताया कि शाम 7 बजे रामेश्वरम स्वरूप के दर्शन कराए गए। वहीं नौलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर में भक्त मंडली के सहयोग से अभिषेक के लिए सुबह 9 बजे से सौ लीटर दूध सहित बिल्व पत्र, हल्दी, चावल, कुमकुम, अबीर आदि पूजन सामग्री निश्शुल्क उपलब्ध रही। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल व संयोजक बीके गोयल ने बताया कि पूरे श्रावण में भक्तों के लिए प्रतिदिन सौ लीटर दूध व पूजन सामग्री की व्यवस्था रहेगी।
गोपेश्वर महादेव का सूखे मेवे से श्रंगार
गांधी हाल स्थित गोपेश्वर महादेव मंदिर में गोपेश्वर महादेव का मावे और सूखे मेवे से श्रृंगार किया गया। साथ ही श्रृंगार आरती रात 8 बजे की गई जिसके बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया।
पार्थिव शिवलिंग निर्माण जारी
हवा बंगला कैट रोड स्थित हरिधाम आश्रम में श्रावण मास के पहले दिन से महंत शुकदेवदास महाराज के सान्निध्य में में 51 लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण व पूजन का प्रकल्प चल रहा है। यहां अब तक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पांच दिन में करीब सात लाख पार्थिव शिवलिंग का निर्माण हो चुका है। प्रतिदिन 300 से अधिक महिलाएं यहां आश्रम स्थित मंदिर संकुल में स्फटिक से निर्मित शिवलिंग की साक्षी में भोले बाबा का अभिषेक कर सुखद वर्षा व पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रार्थना करते हुए पार्थिव शिवलिंग बना रही हैं। प्रतिदिन बटुकों द्वारा अभिषेक, महामृत्युंजय, लक्षार्चन आराधना सहित विभिन्ना अनुष्ठान जारी हैं।
इंदौर
बारिश पर हावी रही भोले की भक्ति
- 19 Jul 2022