Highlights

देश / विदेश

बारिश से डूबा गुरुग्राम: सड़कें बनीं दरिया, NH-48 धंसा, कंपनियों ने कर्मचारियों को दिया 'वर्क फ्रॉम होम'

  • 08 Jul 2026

नई दिल्ली. मॉनसून की पहली ही तेज बारिश ने दिल्ली-एनसीआर का हाल बुरा कर दिया है. मंगलवार को तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं और कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए. वहीं, दिल्ली-एनसीआर में जलभराव की वजह से यातायात पर असर पड़ा. लोग घंटों ट्रैफिक जाम में फंसे रहे. वहीं, गुरुग्राम में NH 48 के पास सड़क धंसने से यातायात प्रभावित हुआ. मौसम विभाग (IMD) की ओर से जारी बारिश के अलर्ट के बीच गुरुग्राम में कई कंपनियों ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दी है.
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के विशेषज्ञ महेश पलावत के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ, मध्य प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र और अरब सागर से नम हवाओं के मिलने से बारिश हुई है. अगले दो दिनों में बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी और 12 जुलाई के आसपास मौसम का ट्रफ उत्तरी दिशा में जाएगा. इसके बाद दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में मॉनसून ब्रेक जैसी स्थिति रह सकती है. मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम 33 डिग्री रहने की संभावना है.
गुरुग्राम, जिसे मिलेनियम सिटी भी कहा जाता है, बारिश में फिर से डूब गया. हीरो होंडा चौक, राजीव चौक, सोहना रोड समेत कई अन्य इलाकों में इतना पानी भर गया कि सड़कें दरिया जैसी दिखाई देने लगीं. जलभराव की वजह से सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार सुस्त पड़ी और लोग घंटों जाम में फंसे रहे.
साभार आज तक