इंदौर। डेढ़ साल का बच्चा बड़े भाई के साथ खेलते हुए पहली मंजिल की बालकनी से झांकने के दौरान नीचे गिर गया। इस दौरान बच्चे की मां किचन में खाना बना रही थी। वहीं तीन साल का बड़ा भाई घबराकर रोने लगा। यहां सड़क पर खेल रही पड़ोस में रहने वाली बच्ची ने उसे उठाया। उसने ही बच्चे की मां को घटना की जानकारी दी। बच्चे को एमवाय में भर्ती कराया गया। सोमवार देर रात मौत हो गई।
शिवधाम कॉलोनी में रहने वाले डेढ़ साल के शशांक सूर्यवंशी की पहली मंजिल से गिरकर मौत हो गई। पिता ने बताया कि शशांक अपने तीन साल के भाई लक्ष्य के साथ बाहर के कमरे में खेल रहा था। बच्चे ने जिंदगी के लिए 18 घंटे से भी ज्यादा संघर्ष किया, लेकिन हार गया। उधर, परिवार ने डॉक्टरों पर लापरवाही और इंजेक्शन का ओवरडोज देने का आरोप लगाया है। इसके चलते पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने और रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई करने की बात कही है।
कनाडिय़ा पुलिस के मुताबिक बच्चों की मां अंदर किचन में खाना बना रही थी। इसी दौरान शशांक खेलते हुए बालकनी की तरफ चला गया। यहां नीचे झांकने के दौरान वह गिर गया। नजदीक ही किराना दुकान संचालक की 15 साल की बेटी सड़क पर खेल रही थी। उसने शशांक को उठाया। तब बच्चा बेसुध था और उसके सिर से खून बह रहा था। बच्ची ने शशांक की मां को आवाज लगाई। इसके बाद शशांक को अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान सोमवार रात उसने दम तोड़ दिया।
शोभा के मुताबिक वह मूल रूप से सागर के रहने वाले हैं। चार माह पहले ही वह इंदौर में काम के सिलसिले में आए थे। यहां ससुराल के लोगो ने उन्हें किराए पर घर दिलाया था। शोभा के मुताबिक घटना के दौरान वह नौकरी पर गए थे, जबकि बच्चों की मां अंदर किचन में खाना बना रही थी।
इंजेक्शन के बाद तबीयत बिगडऩे का आरोप
मौसी कंचन के मुताबिक शशांक की सीटी स्कैन और बाकी सभी रिपोर्ट नार्मल आई थी। रात में उसे अचानक उल्टियां होने लगी। बाद में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उसे इंजेक्शन लगाया था। इसके बाद उसे होश ही नही आया। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन के ओवरडोज के चलते बच्चे की मौत हुई है। उसके होंठ पर पांच टांके आए थे। पुलिस के मुताबिक बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने पर आगे कार्रवाई की जाएगी। इधर, अस्पताल प्रबंधन का पक्ष अभी नहीं मिल सका है।
इंदौर
बालकनी से गिरा डेढ़ साल का बच्चा, मौत, बड़े भाई के साथ खेलते समय हुआ हादसा
- 27 Sep 2022