Highlights

इंदौर

मध्यप्रदेश के हाथकरघा उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मुंबई में होगा फैशन शो

  • 25 Apr 2022

इंदौर । मध्यप्रदेश की पारंपरिक हाथकरघा कलाओं को प्रमुखता प्रदान करने की दृष्टि से राज्य शासन का कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग मुम्बई में 29 अप्रैल 2022 को एक विशिष्ट फैशन शो आयोजित कर रहा है। यह आयोजन मध्यप्रदेश की समृद्ध और विविध हाथकरघा धरोहर को प्रदर्शित करने का एक प्रभावी मंच रहेगा, जहाँ चंदेरी और महेश्वरी वस्त्र, समकालीन खादी डिजाइन्स और पारंपरिक सिल्क साड़ियाँ और बाग, बाटिक तथा नांदना की देशज प्रिंट्स वाले मनमोहक परिधान तथा होम फर्निशिंग की एक वृहद उत्पाद श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी।
 हाथ की कारीगरी से बने ये सभी उत्पाद सदियों से चली आ रही डाईग, ट्रीटिंग और ब्लॉक प्रिंट की तकनीक से निर्मित हैं, जिनका ज्ञान एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक प्रवाहित होता आया है। इस आयोजन से न केवल मध्यप्रदेश की बुनाई की पारंपरिक धरोहर सामने आएगी, अपितु राज्य के बुनकरों और कारीगरों के लिए विपणन और निर्यात के कई नवीन अवसर भी उद्भूत होंगे।
 यह जानकारी कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती स्मिता भारद्वाज ने आज इंदौर में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। इस अवसर पर एमडी हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास निगम श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव एवं भोपाल से आए डिजाइनर्स भी उपस्थित थे।