Highlights

इंदौर

मप्र में राहुल गांधी के स्वागत की जोरदार तैयारी

  • 18 Nov 2022

राहुल गांधी को प्रदीप मिश्रा की कथा में ले जाने के प्रयास में जुटे विधायक
इंदौर। भारत जोड़ो यात्रा इंदौर जिले में 3 दिन रहेगी। 29 नवम्बर का दिन साप्ताहिक अवकाश का रखा गया है। इस दिन राहुल गांधी विधायक संजय शुक्ला द्वारा आयोजित पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में पहुंचेंगे और इसी दिन राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा द्वारा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। बताया जा रहा है कि कुछ और कार्यक्रम भी उनके दौरे में जुडने की संभावना है।
 यात्रा को लेकर मैप तैयार
राहुल की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर मैप तो तैयार हो गया है, लेकिन उनके बीच के समय को भी कार्यक्रमों में जोड़ा जा रहा है, ताकि राहुल गांधी के इंदौर में रहने का पूरा फायदा कांग्रेस को मिले और वह हर वर्ग से चर्चा कर सके। कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला इसी दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा करवा रहे हैं। वे भी प्रयासरत थे कि एक दिन राहुल गांधी उनकी कथा में आएं।
अवकाश वाले दिन राहुल गांधी मिश्रा की कथा में पहुंचेंगे
 उन्होंने अपने संपर्कों से राहुल से अपने कार्यक्रम में आने की हां भरवा ही ली। 29 नवम्बर को जब यात्रा का सामूहिक अवकाश रहेगा, तब राहुल गांधी मिश्रा की कथा में पहुंचेंगे। इसी दिन राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया है। उसमें भी राहुल गांधी पहुंचेंगे। इसके अलावा पूरा दिन अवकाश का रहेगा। हालांकि कुछ बड़े नेता कोशिश कर रहे हैं कि और भी कार्यक्रम उनके शेड्यूल में जुड़वा दिए जाए। राहुल 28 की रात इंदौर पहुंच जाएंगे और फिर यहां से 30 नवम्बर को बड़ा गणपति चौराहे से उनकी पदयात्रा शुरू होगी और इसी दिन सांवेर पहुंचेगी। यहां से उज्जैन जिले में उनका प्रवेश हो जाएगा।
इंदौर में नुक्कड़ सभा
इंदौर में 28 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा महू दशहरा मैदान ग्राउंड से शुरू होगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने बताया कि यात्रा यहां से चोइथराम अस्पताल के सामने से होते हुए माणिकबाग से कलेक्टर चौराहे पर जाएगी। कलेक्टर चौराहे से यात्रा कांग्रेस कार्यालय के सामने से होकर गुजरते हुए राजबाड़ा पहुंचेगी। यहां पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा होगी। नुक्कड़ सभा के बाद राहुल गांधी कार से खालसा कॉलेज जाएंगे। यहां पर राहुल गांधी रात रुकेंगे। 29 नवंबर को यात्रा का ब्रेक रहेगा। 30 नवंबर को बड़ा गणपति चौराहे से यात्रा शुरू होगी, जो जिंसी चौराहे से होकर किला मैदान होते हुए मरीमाता चौराहे पहुंचेगी।
उज्जैन में दाल-बाफले खाएंगे राहुल
राहुल की यात्रा बाबा महाकाल के दर से भी गुजरेगी। उज्जैन में 1 दिसंबर को पहुंचने वाली यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। राहुल यहां सबसे पहले बाबा महाकाल के दर्शन को जाएंगे। इसके बाद एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसमें एक लाख से ज्यादा लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। सभा में प्रियंका गांधी भी नजर आएंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खडगे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गेहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह के मौजूद रहने की भी चर्चा है।