Highlights

इंदौर

महिला की मौत में डॉक्टर पर सही इलाज नहीं करने का आरोप

  • 26 Aug 2022

इंदौर। समीपस्थ गौतमपुरा के वार्ड 14 निवासी पप्पू कछावा ने स्वजन के साथ गुरुवार को इंदौर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया कि डिलिवरी के समय डाक्टर की लापरवाही के चलते उसकी पत्नी उर्मिला कछावा की मौत हुई। साथ ही तहसीलदार गौतमपुरा, एसडीएम देपालपुर, पूर्व विधायक मनोज पटेल को भी ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर अस्पताल के डाक्टर का कहना है कि मरीज की स्थिति गंभीर देखकर उसे इंदौर रेफर किया था।
मृतक महिला उर्मिला के पति पप्पू और स्वजन ने बताया कि 4 अगस्त को मध्य रात्रि 3.30 बजे उर्मिला को शासकीय अस्पताल ले जाया गया जहां 7.30 महिला ने नार्मल डिलिवरी से बच्ची को जन्म दिया। डिलिवरी के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई जिसकी जानकारी नर्स ने शासकीय अस्पताल के प्रभारी डा. सुनील असाटी को दी। उस समय डा. असाटी अस्पताल परिसर के मानव जीवन सेवा संस्था के अस्पताल में थे। वह मरीज को देखने नहीं आए। इस पर स्वजनों ने अस्पताल की एंबुलेंस को फोन लगाया तो फोन बंद था। डाक्टर को इस बारे में बताया तो उन्होंने निजी गाड़ी से मरीज को ले जाने की बात कही। इसके बाद खुद व्यवस्था कर उर्मिला को देपालपुर शासकीय अस्पताल ले जाया गया जहां पर डाक्टर ने बताया कि महिला का खून बहुत बह गया है और इंदौर रेफर किया। इसके बाद मरीज को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया जहां 5 अगस्त को उसकी मौत हो गई। इस मामले में शिकायत के बाद पूर्व विधायक मनोज पटेल ने कहा कि स्वजन मुझसे मिले थे। मैंने कलेक्टर इंदौर व एसडीएम देपालपुर को अवगत करा दिया है। जांच में दोषी पाने पर डाक्टर पर कार्रवाई होगी।
इस संबंध में डा. सुनील असाटी, शासकीय अस्पताल गौतमपुरा का कहना है कि स्वजनों के आरोप निराधार हैं। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए मैंने प्राथमिक उपचार कर एक नर्स के साथ उन्हें तुरंत इंदौर रेफर किया। अस्पताल में मौजूद एंबुलेंस 108 अन्य मरीज को लेकर गई थी। इसलिए महिला को निजी वाहन से ले जाया गया।