Highlights

इंदौर

महिला ने लगाई फांसी, नशे ने ले ली अधेड़ की जान

  • 04 Nov 2022

इंदैर। खजराना इलाके में रहने वाली एक महिला ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पति काम पर गया था, घर में बच्चों ने उसे फंदे पर लटका हुआ देखा तो उन्हें खबर की थी। वहीं एक अधेड़ की नशे के कारण मौत हो गई।
पहली घटना में जानकारी के अनुसार महिला का नाम राधा बाई पति रघु निवासी कृष्णबाग कॉलोनी खजराना है। राधाबाई और उनके जेठ का परिवार एक ही मकान में रहता है। राधा का पति रघु मकान बनाने का काम करता है। कल पति काम पर गया था। बच्चे भी स्कूल थे। जब वह आए तो राधा बाई फंदे पर लटकी हुई मिली। उसने खुदकुशी क्यों की है पुलिस खजराना इसकी जांच कर रही है।
इसी प्रकार आजाद नगर इलाके में एक अधेड़ की नशे की वजह से मौत हो गई। वह कलाली के पास ही अचेत हालत में मिला। परिजन घर ले गए जहां उसने दम तोड़ दिया। मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम मुन्ना पिता श्यामलाल है। नूरी नगर झोपड़पट्टी में रहता था। उसके बेटे ने बताया कि मुन्ना शराब के साथ ही गांजा और चरस भी पीने का आदी था। कल मुसाखेड़ी कलाली के पास वह अचेत हालत में पड़ा हुआ था। घरवालों को जब यह खबर लगी तो वह उसे उठाकर झोपड़ी पर ले गए। यहां कुछ देर बाद ही उसकी सांसे थम गई। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। आज उसका पोस्टमार्टम होगा। पुलिस का मानना है कि नशे ने उसकी जान ली है।
9वीं मंजिल से गिरा मजदूर, मौत
उधर, कनाडिया इलाके में बन रही एक हाईराइज इमारत की 9वीं मंजिल से गिरने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम रितेश सामने आया है। दरअसल शिखरजी ड्रीम सिटी में 10 मंजिला इमारत बन रही है। यह इमारत बत्रा नामक व्यक्ति की बताई गई है। यहां अयूब पटेल ठेकेदारी कर रहा है। कल अय्यूब का सुपरवाइजर खजराना चौक से एक युवक को मजदूरी के लिए लाया था। वह युवक 9वीं मंजिल पर चूरी डालने का काम कर रहा था। तभी सीढ़ी के गड्ढे से ऊपर से नीचे आ गिरा। वहीं काम करने वाला सादिक नामक मजदूर अपने एक साथी के साथ उस युवक को अस्पताल लेकर पहुंचा। युवक की पहचान रितेश के रूप में हुई है। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। कनाडिया पुलिस अब यह जांच कर रही है कि किसकी लापरवाही से रितेश की जान गई है।