Highlights

उज्जैन

मुख्यमंत्री डॉ.यादव मां शिप्रा को चुनरी अर्पित करेंगे

  • 13 Jun 2024

रामघाट पर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, कलेक्टर और एसपी ने यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण
उज्जैन। गंगा दशहरा पर्व पर मां शिप्रा तीर्थ परिक्रमा को समर्पित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 15 और 16 जून को रामघाट पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जायेंंगे।
रविवार 16 जून को दत्त अखाड़ा रामघाट पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के द्वारा शिप्रा तीर्थ परिक्रमा के श्रद्धालुओं के साथ मां शिप्रा को चुनरी अर्पण और पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा मध्य प्रदेश की नदियों और जल संरचनाओं के     संरक्षण,संवर्धन पुनरुद्धार को समर्पित जलाभिषेक अभियान का संकल्प लिया जाएगा। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में पहली बार सैटेलाइट मैपिंग के साथ उज्जैन की नदियों की समग्र जानकारी पर आधारित ग्रंथ शिप्रा अमरता का आव्हान, शिप्रा अमृत संभवा, सदानीरा शिप्रा तीर्थ परिक्रमा पुस्तकों एवं सदानीरा अंबुनी ऑडियो वीडियो सीडी का लोकार्पण किया भी किया जाएगा। संत श्री ढ़ोली बुआ एवं कलाकारों का सम्मान किया जाएगा। मथुरा रमन रति आश्रम के श्री स्वामी शरणानंद महाराज जी का प्रबोधन होगा। जल संबंधी जनपदीय गीतों का गायन किया जाएगा जो निमाड़ी, बुंदेली, बघेली और अन्य बोलियों पर केंद्रित होगा। साथ ही मुंबई की गायिका रिचा शर्मा के द्वारा भक्ति संध्या का आयोजन भी किया जाएगाघ्। गंगा दशहरा पर्व पर आयोजित मां शिप्रा तीर्थ परिक्रमा की सभी तैयारियां तेजी से जारी हैं। 15 एवं 16 जून को आयोजित होने वाले धार्मिक और संस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए घाटों को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। शिप्रा तीर्थ मार्ग पर भी श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए पेयजल शामियाने चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने बुधवार को मां शिप्रा तीर्थ यात्रा समिति के सदस्यों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ शिप्रा तीर्थ परिक्रमा मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।