Highlights

देश / विदेश

'मंगलवार को होगा पावर प्लांट और ब्रिज डे': ट्रंप की ईरान को नर्क बनाने की चेतावनी, होर्मुज विवाद से दुनिया पर ईंधन संकट का खतरा

  • 06 Apr 2026

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए मंगलवार शाम की डेडलाइन तय की है। ट्रंप ने कहा है कि ईरान के पास होर्मुज को खोलने या अपने महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमलों का सामना करने के लिए मंगलवार शाम तक का वक्त है। यह जानकारी उन्होंने रविवार को 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' को दिए एक इंटरव्यू में दी। हालांकि, इस धमकी का की ईरान पर कोई असर पड़ता नहीं दिख रहा है। बल्कि, उसने होर्मुज रास्ता खोलने के लिए एक शर्त रख दी है। कहा जा रहा है कि यदि इस समुद्री मार्ग की नाकेबंदी जारी रहती है तो भारत समेत कई देशों की ईंधन और उर्वरक सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ सकता है।
ट्रंप ने कहा, अगर वे मंगलवार शाम तक कुछ नहीं करते हैं, तो उनके पास न तो कोई पावर प्लांट बचेगा और न ही कोई पुल सुरक्षित रहेगा। ट्रंप ने बाद में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने बिना किसी विवरण के लिखा, मंगलवार, रात 8:00 बजे ईस्टर्न टाइम। (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह)
इससे पहले रविवार को ही एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने बुनियादी ढांचे पर हमलों की चेतावनी दी थी, लेकिन तब उन्होंने किसी निश्चित समय का उल्लेख नहीं किया था। अब उन्होंने मंगलवार रात 8 बजे का समय तय कर दिया है।
इंटरव्यू से पहले ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में ट्रंप ने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर ईरान को कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि यदि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांटों और पुलों पर हमला करेगा। ट्रंप ने लिखा, ईरान में मंगलवार पावर प्लांट डे और ब्रिज डे होगा,दोनों एक ही दिन होंगे। ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया होगा। ट्रंप ने बेहद सख्त और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए आगे लिखा जलमार्ग को खोल दो वरना तुम नर्क में रहोगे- बस देखते जाओ!
शनिवार को, ट्रंप ने तेहरान को अपने 10-दिन के अल्टीमेटम की याद दिलाई थी। उन्होंने कहा कि ईरान के पास कोई समझौता करने या रणनीतिक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को फिर से खोलने के लिए 48 घंटे का समय है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान