मुंगेर। शेखपुरा-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर गुरुवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने तीन ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा टाउन थाना क्षेत्र के एकसारी गांव के समीप हुआ, जिसमें डेढ़ दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों में बुजुर्ग महिलाएं, बच्चे और परीक्षार्थी भी शामिल हैं। सभी घायल ई-रिक्शा पर सवार होकर मनीअंडा, चेवाड़ा, जलालपुर और बजरंगबीघा गांव की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिकंदरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार जाइलो कार अचानक अनियंत्रित हो गई और एक के बाद एक तीन ई-रिक्शा को रौंदते हुए सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार सवार मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
मुंगेर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने तीन ई-रिक्शा को रौंदा, 18 से अधिक घायल
- 20 Feb 2026



