इंदौर। स्मार्ट सिटी के अहम प्रोजेक्ट में शामिल मेट्रो ट्रेन का काम द्रुतगति से चल रहा है। अगले साल सितम्बर में इसके प्रथम चरण का काम पूर्ण होने के बाद सुपर कारीडोर से विजयनगर चौराहा तक ट्रेन का आंशिक रुप से संचालन शुरू हो जाएगा। एयरपोर्ट से इसकी कनेक्टिविटी जोडऩे बिजासन से बड़ा गणपति तक सड़क को चौड़ा किया जाएगा। इसके पहले भी ट्रेफिक के दबाव को देखते हुए सड़क को चौड़ा किया गया है। बिजासन से बड़ा गणपति तक मार्ग घुमावदार है। यह मार्ग एयरपोर्ट से होते हुए एरोड्रम थाने के सामने से गुजरता है। यहां से कालानी नगर, व्यासफला से बड़ा गणपति को जोड़ता है। एरोड्रम थाने से बड़ा गणपति तक एक साल पहले निगम ने सड़क चौड़ी की थी, जहां अनदेखी के चलते ठेले और फुटपाथ पर धंधा करने वालों ने कब्जा जमा लिया है। इस मार्ग पर पेट्रोल पंप, मैरिज गार्डन, बैंक, स्कूल, धार्मिक स्थल होने से यातायात का अधिक दबाव बना रहता है। मेट्रो के लिए इस मार्ग को एक बार फिर चौड़ा किया जा सकता है।
इंदौर
मेट्रो लाइन-बिजासन से बड़ा गणपति तक फिर चौड़ी होगी सड़क
- 21 Oct 2022