घर-घर, स्कूल-कॉलेजों तथा गाँव-गाँव जाकर दुष्प्रभावों की दी जाएगी जानकारी
इंदौर। इंदौर जिले में मादक पदार्थों तथा नशीली दवाओं के सेवन के विरूद्ध जन जागरूकता का विशेष अभियान चलाया जायेगा। यह अभियान नशा मुक्त भारत अभियान के तहत संचालित होगा। इस अभियान के अन्तर्गत घर-घर, स्कूल-कॉलेजों तथा गाँव-गाँव तक इनके दुष्प्रभावों की जानकारी दी जायेगी। युवा पीढ़ी को विशेष रूप से जागरूक किया जायेगा कि वे स्वयं तो इस नशे से दूर रहें, साथ ही अपने साथियों को भी दूर रखने के लिये जागरूक बनायें।
यह जानकारी आज यहाँ कलेक्टर मनीष सिंह द्वारा ली गई समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती वंदना शर्मा तथा सामाजिक न्याय विभाग की संयुक्त संचालक श्रीमती सुचिता बेक तिर्की सहित अन्य अधिकारी और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि यह अभियान वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है। अभियान केन्द्र और राज्य शासन की प्राथमिकता का भी अभियान है। इस अभियान को पूर्ण गति के साथ प्रभावी रूप से आयोजित किया जाये। इस अभियान से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी पूर्ण समन्वय से कार्य करें। वे अपने-अपने दायित्वों का समाज हित में संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। भविष्य की पीढ़ी का जीवन सुरक्षित बनायें। उन्होंने कहा कि आज के समय में अनेक प्रकार के मादक पदार्थ और नशीली दवाओं का प्रचलन है, इनके सेवन पर जहाँ प्रशासन द्वारा सख्ती से रोक लगाई जा रही है, वहीं दूसरी ओर इसके सेवन के संबंध में जन जागरूकता भी लाना अत्यंत जरूरी है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में बढ़ती हुई मद्यपान तथा नशीली दवा, मादक पदार्थों के दुष्परिणामों से युवाओं, विद्यार्थियों एवं समाज को अवगत कराया जाकर, नशा सेवन प्रवृत्ति की रोकथाम हेतु जनजागृति एवं चेतना निर्माण किया जाना है। अभियान के तहत जनजागृति हेतु रैली/नुक्कड़ नाटकों का मंचन, स्थानीय विद्यालयों में नशामुक्ति विषयक प्रतियोगितायें/प्रश्न मंच का आयोजन, पोस्टर प्रदर्शनी तथा नशाबंदी साहित्य, पोस्टर, पम्पलेट आदि का वितरण करने जैसी अनेक गतिविधियां होगी।
इंदौर
मादक पदार्थों तथा नशीली दवाओं के विरूद्ध जन जागरूकता का चलेगा विशेष अभियान
- 20 Jul 2022