इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह बंद बोरे में लाश मिलने के बाद सनसनी फैल गई। स्कीम 51 में कासलीवाल की खाली जमीन पर बोरे में मिली लाश का मामला उस समय सामने आया जब निगम की टीम यहां सफाई करने पहुंची थी। मजदूर जैसे लग रहे इस अधेड़ की गला घोटकर हत्या की गई है। शव के हाथ पैर भी बंधे हुए हैं। पुलिस मृतक की पहचान करने में जुट गई है। फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान के बाद हत्या के आरोपियों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर इस अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है।
कचरा लेने पहुंची निगम की टीम यहां पहुंची तो एक बोरे में से खून टपकता दिखाई दिया। उसके बाद बाणगंगा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम एवं एफएसएल की टीम पहुंची। बोरे में 45-50 साल के व्यक्ति की लाश मिली। उसके गले पर रस्सी से गला घोंटने के निशान मिले हैं। उसके पहने हुए कपड़े से ऐसा कोई दस्तावेज आदि नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। उसकी कनपटी और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान भी मिले हैं। उसका हाथ-पैर और मुंह भी बंधा हुआ था। आशंका है कि पहले उसे बांधने के बाद मारपीट की गई और अंत में रस्सी से गला घोटकर उसकी हत्या कर दी गई। उसकी हत्या कहीं और कर शव को बोरे में बंद कर यहां फैंका गया है। आरोपियों की सं या दो या उससे ज्यादा हो सकती है। स्पाट नंदबाग कालोनी से लगा हुआ है। जिस बोरे में शव मिला है वह ज्यादातर रेडिमेड कपड़े भरने के काम आता है। हाथ-पैर बांधने के लिए भी कपड़े की कतरन का इस्तेमाल किया गया है। नंदबाग कालोनी में कई लोग रेडिमेड का काम करते हैं,इस बिन्दु पर भी वहां पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों में पुलिस को अवैध संबंध या पुरानी रंजिश की आशंका है। मृतक की पहचान के लिए पुलिस सोशल मीडिया का सहारा लेने के साथ ही स्पाट पर आने वाले रुट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने दावा किया है कि मृतक की पहचान होते ही अंधे कत्ल का पदार्फाश हो जाएगा। फिलहाल शव का पीएम करवाया जा रहा है। स्पाट पर दो पहिया वाहन के टायर के निशान मिले हैं। उसके आधार पर भी यहां आने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है। बाणगंगा इलाके की बस्तियों में भी जांच पड़ताल कर पता लगाया जा रहा है कि वहां से कोई लापता तो नहीं है। इसके साथ ही अन्य थानों से भी लापता लोगों की जानकारी खंगाली जा रही है।
इंदौर
मामला बंद बोरे में मिली लाश का ...अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाने अलग-अलग बिंदुओं जांच
- 13 Sep 2022