Highlights

इंदौर

मेहमानों के लिए गार्डन सा तैयार शहर

  • 27 Dec 2022

एयरपोर्ट से बीसीसी तक 11 किमी में 62 प्रजाति के 12 हजार पौधे लगाए
इंदौर। प्रवासी भारतीय सम्मेलन से पहले शहर को गार्डन सा तैयार किया जा रहा है। एयरपोर्ट से बीसीसी तक 11 किलोमीटर में 62 प्रजाति के 12 हजार पौधे लगाए गए हैं। इनमें 10 हजार के पॉम से लेकर 50 रुपए का गेंदा भी शामिल है। आंध्रप्रदेश, कर्नाटक व पुणे से एक लाख पौधे मंगवाए गए हैं। इन पर दो से ढाई करोड़ रुपए खर्च हुए हैं।
पेड़-पौधे लगाने का काम नगर निगम और आईडीए द्वारा किया जा रहा है। समिट के बाद पॉम, फाइकस, पीला बांस, कदम्ब जैसे पौधे तो लहलहाते दिखेंगे ही, लेकिन कुछ पौधे ऐसे भी हैं, जिनकी उम्र सिर्फ तीन से चार महीने है। एयरपोर्ट से बापट, कन्वेंशन सेंटर, एबी रोड, रीगल चौराहा सहित कई प्रमुख सड़कों पर आंध्रप्रदेश, कर्नाटक और पुणे से मंगवाए पौधे लगाए जा रहे हैं।
एयरपोर्ट के सामने पॉम, फाइकस जैसे महंगे पौधे
पॉम और फाइकस महंगे पौधों में शामिल हैं। इनकी कीमत 5 से 10 हजार रुपए तक है। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही 10-10 फीट के पॉम नजर आएंगे। वहीं सालभर में तिल-तिल बढऩे वाला फाइकस भी एयरपोर्ट के आंगन में जगह-जगह नजर आएगा। ये हमेशा लोगों की नजर में रहेंगे।
खुशबू से महका पार्किंग के पास का बगीचा
एयरपोर्ट के ठीक सामने पार्किंग के पास बगीचे में सेवंती और गुलाबों की विभिन्न प्रजाति लगाई है। इनमें देशी और विदेशी गुलाब भी शामिल है। बीच-बीच में डेहलिया के पीले फूल भी खिलते दिखेंगे। पौधे ऐसे लगाए हैं कि जिनमें कली भी आने लगी है।
देखभाल के साथ दिया है पौधारोपण का कॉन्ट्रैक्ट
आईडीए चेयरमैन जयपाल सिंह चावड़ा के मुताबिक प्रवासी सम्मेलन, समिट को ध्यान में रखकर पौधे नहीं लगाए हैं। पौधे लगाने के बाद 5 साल तक रखरखाव कॉन्ट्रैक्टर द्वारा किया जाएगा। अफसर समय-समय पर पौधों की जांच करने जाएंगे। खराब पौधों को बदला भी जाएगा।
सबसे ज्यादा 18 प्रजातियों के पौधे
सेवंती, रोज मिक्स, डेहलिया, गोल्डन साइप्रस, ग्रीन साइप्रस, येलो बेम्बू, एरिका पॉम, फाइकस, सदा सुहागन, मिश्रित बोगन बेलिया, टिकोमा मिक्स, कनेर, गेंदा, जरबेरा, गोल्डन बॉटल ब्रश, गोल्डन बेम्बू, फाइकस डोम, मिनी एरिका प्रजाति के पौधे लगाए हैं।
इनवायरमेंट फ्रेंडली भी
आंध्रप्रदेश की नर्सरीज से नगर निगम ने डेकोरेटिव पौधे मंगवाए गए हैं। इनमें रेड मशेरा, गोल्डन पेंथाना, वाशिंगटोनिया पॉम, टरमेनिलिया, गोल्डन थूजा, बीस मार्गिया पॉम, फॉक्सटेल पॉम, एरिका पॉक, बॉक्स वुड आदि करीब 40 हजार पौधे मंगवाए हैं। इनमें रेडमशेरा, एरिका पॉम इनवायरमेंट फ्रेंडली है। यह हवा को शुद्ध करता है।
50 हजार फूल वाले पौधे
पुणे से डेंथस, कजेनिया, मिटुनिया, प्लम्बिगो, गार्लिक लिली, मिनी एरिक्टा, फाइकस स्टारलाइट आदि फ्लॉवर वाले छोटे पौधे भी लाए जा रहे हैं। इनकी संख्या 50 हजार है। यह मौसमी पौधे हैं। यानी इनमें सिर्फ ठंड के मौसम में ही फूल उगेंगे।