इंदौर। शहर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात पुलिस जहां लापरवाह और नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई कर रही है। वहीं जागरूकता अभियान भी चला रही है। इसके चलते जागरूकता संदेश वाले पोस्टर, बैनर यातायात प्रबंधन पुलिस के द्वारा लगाए गए हैं।
यातायात पुलिस के द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, इसी के साथ चौराहों पर पोस्टर, बैनर के माध्यम से विभिन्न यातायात नियमों की जानकारी भी दी जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस उपायुक्त, यातायात प्रबंधन महानगर महेश चंद जैन के निर्देशन में आम जनमानस को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व को बताने के लिए जागरूकता संदेश वाले पोस्टर शहर के विभिन्न चौराहों पर लगाए जा रहे हैं। सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक दो पहिया वाहन सवार की दुर्घटनाओं में मृत्यु होती है, जिसकी मुख्य वजह सिर पर हेलमेट का नहीं होना पाया गया। यदि सिर पर हेलमेट लगा हुआ होता तो 50 प्रतिशत लोगों की जिंदगी बच सकती थी। हेलमेट पहनने से 69 प्रतिशत मौत का खतरा कम हो जाता हैं।
इसी के साथ हेलमेट पहनने के कई बड़े फायदे हैं जैसे कि दोपहिया चलाते समय यदि हेलमेट पहना है तो ये आंखों के लिए भी ठीक है। यह हवा, धूल-मिट्टी, कीटाणु प्रदूषण से भी आंखों की रक्षा करता है। गर्मी के मौसम में वाहन चलाते समय यदि हेलमेट पहना हुआ है तो सूर्य की हानिकारक यूवी किरणों से त्वचा की रक्षा होती है। हेलमेट पहनना ध्यान केंद्रित करने का भी काम करता है। चेहरे पर लगा हेलमेट सीधे वाहन चलाने पर ध्यान लगाने में सहायक होता है। हेलमेट पहनने से दुर्घटना के समय आपका सिर ही नहीं रीढ़ की हड्डी की भी सुरक्षा होती है। सर्वाइकल स्पाइन इंज्यूरी होने का खतरा कम हो जाता है। इसी प्रकार यातायात प्रबंधन पुलिस ने चार पहिया वाहन सवार से भी अनुरोध किया है कि आप चाहे आगे बैठे हो या पीछे सीट बेल्ट अवश्य लगाएं क्योंकि किसी भी प्रकार की टक्कर होने पर सीट बेल्ट रक्षा कवच की तरह कार्य करता है और यह बड़ी चोट और मृत्यु से बचाता है।
इंदौर
यातायात पुलिस ने सीट बेल्ट के जागरूकता संदेश वाले पोस्टर लगाए
- 22 Sep 2022



