Highlights

देश / विदेश

यूपी के एटा में ट्रिपल एक्सीडेंट से कोहराम: खराब खड़ी बस में पीछे से घुसे दो वाहन; पांच लोगों ने गंवाई जान

  • 03 Jul 2026

एटा. उत्तर प्रदेश के एटा में हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई. दर्जनभर लोग घायल हुए हैं. हादसा बागवाला थाना क्षेत्र के कीलर मऊ के पास हुआ, जहां खड़ी रोडवेज बस से दो वाहन टकरा गए. सीएम योगी ने इस हादसे का संज्ञान लिया है और जिला प्रशासन को तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू करने का आदेश दिया.
जानकारी के अनुसार, एटा डिपो की एक रोडवेज बस खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक कैंटर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के कुछ ही पल बाद पीछे से आ रहे एक सीएनजी टैंकर की भी इससे भिड़ंत हो गई, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया. खौफनाक हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक यात्री की मौत इलाज के दौरान हुई. करीब एक दर्जन लोगों का अभी अस्पताल में इलाज जारी है. 
उधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए. सीएनजी टैंकर होने के चलते दमकल विभाग भी तत्काल सक्रिय हो गया. मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रशांत कुमार और फायर स्टेशन अधिकारी दो दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को सुरक्षित किया.
साभार आजतक