इंदौर। किशनगंज थाना क्षेत्र के हरसोला फाटे के पास आधा जला हुआ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर ग्रामीण और पुलिस पहुंच गई है। पूरे मामले की किशनगंज पुलिस जांच कर रही है। मृतक युवक का शव बिजली की डीपी के पास पड़ा हुआ है। मामले में किशनगंज टीआई कुलदीप खत्री का कहना है कि संभवता युवक रात में डीपी में सुधार काम करने गया होगा। इस दौरान वह हादसे का शिकार हुआ होगा। युवक का एक तरफ का हाथ, पेट और कमर जली हुई मिली है। पूरे मामले की जांच चल रही है, जल्द ही खुलासा हो जाएगा।
रंजिश में घेरकर मारे चाकू
इंदौर। खजराना थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश में एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है । खजराना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक का नाम गणेश पिता राजू पाटिल निवासी मायापुरी खजराना है । गणेश कल रात को अपने एक पड़ोसी के साथ गन्ने का रस लेने के लिए घर से निकला था। सांई बगीचे के नजदीक उस पर आरोपी अमन उर्फ टिलटिल और इमरान अजमेरी ने हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार दोनों युवक नशे के आदी हैं। पहले से दोनों पक्षों के बीच में विवाद चल रहा है। कल शाम को उनका आमना सामना हुआ तो विवाद कर मारपीट शुरू कर दी। आरोपी अमन और इमरान ने चाकू से गणेश पर कई वार किए। गणेश की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे एम वाय अस्पताल में भर्ती किया गया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया ह।
शराब के लिए मारपीट
इंदौर। एमआईजी थाना क्षेत्र में एक बदमाश ने एक महिला के साथ उसके घर में घुस कर अडीबाजी की। उसने महिला से शराब पीने के पैसे मांगे। नहीं मिलने पर हमला कर दिया। एमआईजी थाने में फरियादी संगीता दुगार्शंकर दबे की शिकायत पर आरोपी पवन शर्मा निवासी एमआयजी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। संगीता ने बताया कि कल वह घर पर अकेली थी उसी दौरान आरोपी पवन जबरदस्ती घर में घुस गया। उसने यह कहकर धमकाया कि वह इलाके का गुंडा है। वह शराब पीने के पैसे मांगने लगा। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने गालियां देना शुरू कर दी उसने महिला से मारपीट भी की।
दो पक्षों में विवाद
इंदौर । दो पक्षों में विवाद हो गया और नौबत मारपीट तक जा पहुंची। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार सिमरोल थाना क्षेत्र के ग्राम दतोदा में कल दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एक पक्ष से ममता बाई ने शिकायत की कि उसके पति नारायण और भरत के साथ ओटलों पर बैठने की बात को लेकर आरोपियों ने मारपीट की। वहीं दूसरे पक्ष से भगवान ने शिकायत की कि वह घर के सामने से जा रहा था, उसी दौरान आरोपियों ने विवाद किया और उनके साथ मारपीट कर डाली। इस मारपीट में उनके भतीजे, बहू और परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। पुलिस अब दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।



