इंदौर। इंदौर का रणजीत हनुमान मंदिर, लाखों भक्तों की आस्था का केंद्र है। इस मंदिर की ख्याति दूर-दूर तक फैली है। हजारों भक्त रोजाना मंदिर में भगवान के दर्शन करने आते हैं। मंदिर के भक्त मंडल का दावा है कि रणजीत अष्टमी पर मंदिर से निकलने वाली प्रभात फेरी विश्व की सबसे बड़ी प्रभात फेरी है। कड़ाके की ठंड में लाखों लोग इसमें शामिल होते हैं। आगामी 16 दिसंबर को प्रभात फेरी सुबह 5 बजे रणजीत हनुमान मंदिर से निकाली जाएगी। इस बार अनुमान है की 2 लाख से ज्यादा लोग इसमें शामिल होंगे।
दरअसल, रणजीत अष्टमी पर निकलने वाली प्रभात फेरी को लेकर बैठकों का दौर जारी है। भक्त मंडल और मंदिर प्रबंधन के बीच प्रभात फेरी का वल्र्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने को लेकर भी चर्चा हुई। मगर इस चर्चा में सहमति नहीं बनी। भक्त मंडल का मानना है की वल्र्ड रिकॉर्ड वाले खुद आकर प्रभात फेरी देखें। उसके बाद उन्हें लगता है तो वे रिकॉर्ड दे। मंदिर प्रबंधन या भक्त मंडल आगे होकर पहल नहीं करेगा। दिसंबर महीने में निकलने वाली इस प्रभात फेरी को लेकर अभी से तैयारियां शुरू हो चुकी है। 13 दिसंबर से लेकर 16 दिसंबर तक मंदिर में अलग-अलग उत्सव होंगे। इसके साथ ही इस बार प्रभात फेरी में कई आकर्षण के केंद्र भी भक्तों को देखने को मिलेंगे। इसमें मुख्य रूप से ड्रोन की मदद से उड़ते हुए हनुमान जी, हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा, नासिक के ढोल सहित कई भजन मंडली भी इसमें शामिल होंगी।
इंदौर
रणजीत हनुमान की प्रभातफेरी विश्व में सबसे बड़ी!
- 01 Dec 2022