Highlights

देश / विदेश

रामलला के चढ़ावे में हेराफेरी पर भड़के महंत दिनेंद्र दास: दोषियों को फांसी देने की मांग, SIT जांच तेज

  • 04 Jul 2026

नई दिल्ली. भव्य राम मंदिर में रामलला के चरणों में आने वाले चढ़ावा में कथित हेराफेरी के मामले ने अब बेहद तूल पकड़ लिया है. इस कथित घोटाले पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए दोषियों के लिए सबसे कड़ी सजा की मांग की है. 
उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि भगवान के घर में इस तरह का अपराध करने वालों को "सीधे फांसी पर लटका दिया जाना चाहिए." इस बीच, विशेष जांच दल (SIT) ने मुख्य आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर वित्तीय हेरफेर और पैसों की रिकवरी के लिए जांच तेज कर दी है.
महंत दिनेंद्र दास महाराज ने मामले की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए पुष्टि की कि मुख्य आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है. उन्होंने भरोसा जताया कि स्थानीय प्रशासन पूरी ताकत से काम कर रहा है और गबन की गई राशि को पूरी तरह से वसूल ली जाएगी.
उन्होंने कहा,  'रामलला के यहां जांच चल रही है वो सरकार की देखरेख में हो रही है. जो चोर हैं वो जेल में पहुंच गए हैं. चोरी कम हो या ज्यादा, चोरी तो चोरी है. शासन पूरी तरह जांच कर रहा हैं. चोर अपनेआप जेल में पहुंच जाएगा. जिन्होंने रामलला के यहां ये काम किया है उन्हें फांसी दे देनी चाहिए.'
साभार आज तक