राशन दुकान पर घंटों लाइन लगाने को मजबूर गरीब
इंदौर। समीपस्थ औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में राशन माफियाओं की मनमानी साफ तौर पर देखी जा सकती है। ताजा मामला पीथमपुर के ग्राम सागौर का सामने आया है। सागौर वार्ड क्रमांक 21 स्थित उचित मूल्य की शासकीय राशन दुकान पर बुजुर्ग महिलाओं की लंबी कतार देखी जा सकती है। बुजुर्ग महिलाओं का कहना है कि राशन दुकान पर हमें पर्याप्त मात्रा में राशन नहीं मिलता है और दुकान भी अपने सही समय पर नहीं खुलती है।
साथ ही सुबह से शाम तक लंबी कतार में लगे रहते हैं और बिना राशन लिए ही घर वापस लौटना पड़ता है। इसी प्रकार औद्योगिक क्षेत्र में कई राशन की दुकानें हैं, जहां पर गरीब श्रमिक वर्ग इन दुकानदारों के मनमानी के चलते परेशान हो रहे हैं। वहीं संबंधित विभाग इन पर कोई कार्रवाई नहीं करता है।
स्थानीय रहवासियों की माने तो सागौर वार्ड क्रमांक 21 में समय पर राशन वितरण नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण गरीब श्रमिक वर्क की बुजुर्ग महिलाएं लंबी-लंबी कतारें लगाकर खड़ी रहती है। शाम होते ही अपने घर खाली हाथ वापस लौटने पर मजबूर हो जाती है।
साथ ही इंटरनेट और वेबसाइट की भी दिक्कत है। जिसमें एक अनाज की पर्ची को ही क्लियर करने में करीब 15 से 20 मिनट लग जाते हैं। इस वजह से राशन देने में देरी हो रही है। वहीं स्थानीय रहवासियों की माने तो राशन विक्रेता सही समय पर राशन नहीं दे रहा है और ना ही समय पर दुकान खोलता है।
इंदौर
राशन माफियाओं की मनमानी
- 16 Nov 2022