Highlights

खेल

वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने शुभमन

  • 19 Jan 2023

हैदराबाद। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में ही शुभमन गिल ने इतिहास रच दिया। उन्होंने 149 गेंदों में 208 रन की पारी खेली। उनकी पारी में 19 चौके और नौ छक्के शामिल थे। इस मैच में गिल ने एक साथ कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। गिल वनडे में सबसे कम उम्र में दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 23 साल की उम्र में यह कारनामा किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ईशान किशन के नाम था, जिन्होंने 24 साल की उम्र में बांग्लादेश के खिलाफ दोहरा शतक लगाया था। 
सबसे कम उम्र में दोहरा शतक लगाने वाले खिलाड़ी
बल्लेबाज उम्र विपक्षी टीम साल
शुभमन गिल 23 साल 132 दिन न्यूजीलैंड 2023
ईशान किशन 24 साल 145 दिन बांग्लादेश 2022
रोहित शर्मा 26 साल 186 दिन ऑस्ट्रेलिया 2013
इसके अलावा गिल वनडे में सबसे कम उम्र में एक हजार रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली और शिखर धवन के नाम था। इन दोनों खिलाड़ियों 24 पारियों में एक हजार वनडे रन बनाए थे। वहीं, शुभमन गिल ने 19 वनडे पारियों में ही एक हजार रन पूरे कर लिए हैं। 
वनडे क्रिकेट में सबसे तेज एक हजार पूरे करने के मामले में गिल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के फखर जमान ने 18 वनडे पारियो में एक हजार बनाए थे। वह इस मामले में सबसे तेज हैं। वहीं, 19 पारियों में एक हजार रन बनाने वाले शुभमन गिल पाकिस्तान के इमाम उल हक के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। 
सबसे कम पारियो में एक हजार वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज
18 पारीः फखर जमान 
19 पारीः इमाम उल हक/शुभमन गिल 
21 पारीः विवियन रिचर्ड्स, केविन पीटरसन/जॉनथन ट्रॉट/क्विंटन डिकॉक, बाबर आजम, रासी वान डर डुसेन
वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर
शुभमन गिल ने अपनी 208 रन की पारी के साथ ही सचिन तेंदुलकर का एक और रिकॉर्ड तोड़ दिया। सचिन ने 1999 में हैदराबाद के ही मैदान में कीवी टीम के खिलाफ नाबाद 186 रन की पारी खेली थी। अब तक यह वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी भी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर था। शुभमन गिल ने दोहरे शतक के साथ सचिन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे बड़ा स्कोर बनाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 2007 में नाबाद 181 रन बनाए थे। वहीं, डी चलघन चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने 1994 में नाबाद 169 रन की पारी खेली थी।
साभार अमर उजाला